रुद्रपुर: जमानत देने वाले की पुलिस ने की कुर्की, नोटिस के बाद भी न्यायालय में हाजिर न होने पर की कार्रवाई 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा के रहने वाले एक व्यक्ति को जमानत लेना भारी पड़ गया। वर्ष 2016 से लगातार न्यायालय द्वारा दोनों ही आरोपियों को न्यायालय में पेश होने का समन जारी करने के बाद जब जमानती व मुकदमे का आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो न्यायालय ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। जिस पर रंपुरा पुलिस ने जमानत लेने वाले जमानती के घर जाकर कुर्की की कार्रवाई शुरू की।

बताते चलें कि कुछ साल पूर्व रंपुरा निवासी लाखन सिंह ने वही के निवासी एक व्यक्ति की किसी प्रकरण में जमानत ली थी। वर्ष 2016 को जमानत मिलने के बाद मुकदमे का आरोपी रंपुरा छोड़कर यूपी चला गया। इसके बाद से ही आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो जमानती लाखन सिंह को न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया गया।

मगर वर्ष 2016 के बाद से ही आरोपी और जमानती दोनों ही गैरहाजिर रहने लगे। नोटिस देने के बावजूद जब दोनों ही आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुए तो न्यायालय ने पुलिस को जमानत लेने वाले लाखन सिंह के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई का आदेश दिया।

शनिवार को रंपुरा चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि रंपुरा स्थित आरोपी के घर पहुंचे और कुर्की की कार्रवाई की। चौकी प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जमानत लेने वाले व्यक्ति के घर कुर्की की कार्रवाई की है। कारण दोनों ही आरोपी पिछले लंबे समय से न्यायालय से गैरहाजिर चल रहे हैं।

संबंधित समाचार