शक्तिफार्म: श्रद्धालुओं ने लगाई कामना सागर में आस्था की डुबकी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शक्तिफार्म, अमृत विचार। मतुआ धर्म संस्थापक श्री हरिचंद ठाकुर के 212वीं जन्म जयंती महावारुणी गंगा स्नान पर गुरुग्राम स्थित कामना सागर तालाब में हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालुओं के जय हरिबोल के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इससे पूर्व महोत्सव के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि उमाशंकर दुबे, ब्लाक प्रमुख पति पलविदर सिंह औलख और नगर पंचायत चेयरमैन सुनील विश्वास ने मंदिर में पूजा अर्चना की। मेला कमेटी ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
 

गुरुग्राम स्थित हरिचांद गुरुचांद धर्म मंदिर में रविवार को हुए गंगा स्नान में दूर-दराज के क्षेत्रों एवं दूसरे प्रांतों से श्रद्धालु पहुंचे। शनिवार की रात अधिवास के साथ ही वारुणी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। रात भर श्रद्धालु ने भजन कीर्तन कर ठाकुर जी की महिमा का वर्णन किया। रविवार सुबह धर्म ध्वज उत्तोलन के बाद मतुआ अनुयायियों ने हाथ में ध्वज लेकर ढोल नगाड़े की थाप पर नगर में शोभायात्रा निकाली।

दोपहर एक बजे मतुआ महंत नारायण मंडल, पंकज गोसाई, डॉ. सुशील मल्लिक, गोविंद विश्वास, परिमल गोसाई व सतीश गोसाई द्वारा गंगा पूजन किए जाने के पश्चात हजारों श्रद्धालुओं ने कामना सागर में स्नान कर मंदिर में पूजा-अर्चना की। अनेकों श्रद्धालुओं ने मन्नतें पूरी होने पर मंदिर में भोग चढ़ाया। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में लोगों ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में बांग्ला जात्रा नाटक हरिचांदेर पोषा मयना और हरिचांदेर लीला विकास सहित भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को शांति सभा के साथ ही महोत्सव का समापन होगा। इस मौके पर मेला कमेटी अध्यक्ष जयंत मंडल, सुधांशु सिकदार, गोकुल विश्वास, विधान दास, रविंद्र विश्वास, संजय बाछाड़, तापस मिस्त्री, विश्वजीत हालदार, रवि मजूमदार, प्राण बढ़ाई, निर्मल मंडल, नरेश विश्वास आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार