हल्द्वानीः शहर में पहली बार हो रहा महिलाओं की रामलीला का आयोजन

हल्द्वानीः शहर में पहली बार हो रहा महिलाओं की रामलीला का आयोजन

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुनर्नवा महिला समिति की ओर से शहर में पहली बार महिला रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। 2 से 11 अप्रैल तक चलने वाली इस रामलीला का आयोजन हीरानगर पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच में होगा।

रामलीला को लेकर इन दिनों उत्थान मंच में तालीम चल रही है। जिसमें युवतियां और महिलाएं उत्साह के साथ अपने किरदार में ढल रहीं हैं। समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने बताया कि रामलीला में 4 साल की उम्र की बेटियों से लेकर 70 साल तक की महिलाएं अलग-अलग भूमिका में नजर आयेंगी। प्रभु श्रीराम की भूमिका मांशी रावत, माता सीता की भूमिका तेजस्विनी उपाध्याय निभा रहीं हैं।

जबकि, हनुमान की भूमिका गुलमोहर गर्ल के नाम से मशहूर तनुजा जोशी निभा रहीं हैं। तनुजा ने बताया कि महिलाओं की रामलीला ऐतिहासिक होगी। ताड़का, मंथरा और सूपर्णखा की भूमिका निभाने वाली ऋतु कांडपाल ने बताया कि रामलीला करने का उनका 08 साल का अनुभव है। इस बार की रामलीला में तीन भूमिका निभा रही हूं, जिसमें लोगों को हंसाने के लिए जोकरिंग भी करूंगी। किरन रावत अंगद की भूमिका तो दीप्ती चुफाल कुंभकर्ण की भूमिका में नजर आयेंगी। कुमाऊं में पहली बार हो रही महिलाओं की रामलीला को देखने के लिए हर कोई व्याकुल है।  

यह भी पढ़ें- हल्द्वानीः कंपोस्ट प्लांट के लिए नगर निगम देगा 16.53 करोड़ रुपये