Auraiya News : घर में देशी बम बनाते समय फटने से हुआ विस्फोट, हादसे में दो किशोरी घायल
औरैया में देशी बम फटने से दो किशोरी घायल।
औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में घर में देशी बम बनाते समय फटने से हादसा हो गया। बम फटने से दो किशोरी घायल हो गई।
औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के चपटा गांव के एक छत पर देशी बम फट गया। हादसे में छत पर पापड़ सुखा रहीं दो किशोरी घायल हो गई। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी, एएसपी व कोतवाल घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। वहीं, गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। घटनास्थल से पुलिस को बम बनाने की बारूद के अलावा अन्य सामग्री मिली है।
मंगलवार को गांव चपटा निवासी आफताब की पुत्री अदीबा कानपुर देहात के जल्लापुर गांव निवासी अपने मामा रईस की पुत्री शाबिया के साथ घर की छत पर पापड़ सुखा रही थी। अचानक से एक देशी बम फटने से तेज धुआं उठा और अदीबा व शबिया घायल हो गई। उनके पैरों में कांचनुमा पदार्थ चुभने से दर्द से कराह रही थीं। परिजन उन्हें सीएचसी ले आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्र, सीओ भरत पासवान सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
इसके अलावा एसपी चारू निगम ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। एसपी चारू निगम ने बताया कि आफताब और उसके भाई इरशाद का घर पास पास है। आफताब की छत पर घटना हुई है। इरशाद के घर से बरामद बोरे से बारूद की महक आ रही थी। उसी के घर से टूटे हुए इलेक्ट्रिक बल्ब, बारूद, कंकड़, आदि बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया देशी बम बनाते समय बम फूटने की घटना से दोनों किशोरियां घायल हुई हैं। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए छह टीमें गठित की गई हैं।
ड्रोन कैमरे से गांव की छानबीन व निगरानी
एसपी चारू निगम ने बताया कि आफताब के भाई इरशाद के यहां से देशी बम बनाने के सामान बरामद हुआ है। ये लोग बम क्यों बना रहे थे तथा बम बनाने के पीछे क्या इरादा था। किस चीज की प्लानिंग की जा रही थी, बारूद कहां से लाए थे आदि बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, ड्रोन कैमरे से पूरे गांव का निरीक्षण करवाया जा रहा है। देखा जा रहा है कि किसी की छत पर कोई अराजक सामान तो नहीं रखा है।
बढ़ाया गया सुरक्षा का घेरा
बीते वर्ष भी चपटा गांव में दो समुदाय में विवाद हो गया था। संवेदनशील क्षेत्र माने जाने वाले गांव में पुलिस गश्त विशेष तौर पर नजर रखती है। बीते 17 मार्च की घटना के बाद भी गांव में पुलिस बराबर सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए थी। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि पुलिस बल के अलावा पीएसी भी गांव में तैनात की गई है। जैसी कि जानकारी मिली है कि पूर्व में इस गांव में घटनाएं हुई है। पूर्व की हुई घटनाओं की भी सीसीटीए एस व आईटी जीएनएस से जानकारी की जा रही है। कि कौन कौन लोग शामिल थे। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शीघ्र ही घटना का अनावरण किया जाएगा।
