हल्द्वानी: हाथियों के आवागमन को 11 स्थानों पर बनेंगे नए रैम्प

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रेलवे और वन विभाग के अधिकारियों की बैठक में हुए कई निर्णय

हल्द्वानी, अमृत विचार। रेलवे और वन विभाग के अधिकारियों की एक बैठक बुधवार को वन संरक्षक कार्यालय अरण्य भवन में संपन्न हुई। जिसमें तराई क्षेत्र में वन्य जीवों की रेल दुर्घटनाओं के रोकथाम को लेकर कई अहम निर्णय लिये गये।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं प्रसन्न कुमार पात्रों व अपर मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर विवेक गुप्ता ने हाथियों के सुचारू रूप से आवागमन के लिए रेलवे लाइन में पूर्व निर्मित रैम्प का सुधार करने तथा 11 नए स्थानों को चिन्हित कर रैम्प निर्माण करने का निर्णय लिया। कहा कि हाथियों के आवागमन की सूचना को आदान-प्रदान करने के लिए रेलवे और वन विभाग के मध्य संचार प्रणाली में सुधार के प्रयास किये जायेंगे।

इसके लिए वन और रेलवे कर्मचारियों के बीच एक नव संचार प्रणाली की व्यवस्था की जायेगी। वन्य जीवों के आवागमन के लिए वन विभाग रेलवे कर्मचारियों (लोको पायलट व स्टेशन मास्टर) को प्रशिक्षण भी देगा। बैठक में वन विभाग से वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त दीप चंद्र आर्या, प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर वैभव कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी संदीप कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर प्रदीप कुमार चौलाखंडी तथा रेलवे विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय अरुण कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) वीरेंद्र कुमार यादव मौजूद थे।

 

 

संबंधित समाचार