हल्द्वानी: कांग्रेस ने ली चुटकी, बोली भाजपा का एक साल वाकई बेमिसाल : ब्लेंडर सस्ती, सिलेंडर महंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा सरकार जनता को एक साल की उपलब्धियां गिना रही है और इधर विपक्ष उपलब्धियों पर सवाल पर सवाल दाग रही है। हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने चुटकी लेते हुए सरकार पर तंज कसा और कहा ब्लंडर और सिलेंडर का नाम लेकर जनता सरकार का मजाक उड़ा रही है और सरकार एक साल बेमिसाल कह रही है।   
 

कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, सरकार के जितने नारे थे सब फेल हुए। किसान की आय दोगुनी करने की बात करने वाली सरकार ने गन्ने से बनने वाली चीनी के दाम बढ़ा दिए। गन्ने से बनने वाले सीरे से बनने वाले एल्कोहल के दाम बढ़ गए, लेकिन गन्ना किसान के समर्थन मूल्य में 50 पैसे की बढ़ोतरी भी नहीं हुई।

किसान पुराने भुगतान की मांग रहे हैं। ओले और अतिवृष्टि ने किसानों की फसल नष्ट कर दी, लेकिन सरकार चुप है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ के नारे वाली सरकार में अंकिता हत्याकांड हुआ, लेकिन वीआईपी का नाम सामने नहीं आया। रोजगार देने की बात कहने वाली सरकार के कार्यकाल में ट्रिपल एससी भर्ती घोटाला, पटवारी का पेपर लीक, जेईएई के पेपर निरस्त करने पड़े। खास बात यह है कि इस तरह के घोटाले में भाजपा के ही लोग ही पकड़े जा रहे हैं, जिसमें जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह, मंगलौर का मंडल अध्यक्ष और महामंत्री है।

आस्था के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा जोशीमठ नहीं बचा पाई। हर मोर्चे पर फेल सरकार पता नहीं किस बात का जश्न मना रही है। क्राइम ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक देवभूमि में हर 24 घंटे में एक महिला से बलात्कार होता है, क्या इसका उत्सव मना रही है सरकार या फिर इस बात का कि 230 लोग हर 24 घंटे में गांव छोड़ कर पलायन कर रहे हैं। हम भाजपा के कुशासन के खिलाफ जनता को जागरुक करते रहेंगे। 

संबंधित समाचार