रुद्रपुर: दबंगों ने युवक को पीटा, ताबड़तोड़ फायरिंग की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा बस्ती में दबंगों ने बुधवार की देर रात एक युवक को बेरहमी से पीटने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रंपुरा वार्ड-23 निवासी धर्मवीर ने बताया कि बुधवार की देर रात साढ़े नौ बजे के करीब वह अपने घर में सो रहा था कि अचानक वहीं के रहने बदमाश प्रवृति के तीन भाई अजय, कृष्ण, सोनू अपने साथियों के साथ हाथ में तमंचे, लोहे की राड व धारदार हथियार लेकर जबरन घर में घुस आए। उन्होंने अभद्रता करते हुए उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख पुकार सुनकर जब पड़ोसियों के घटनास्थल की ओर बढ़ने पर हमलावरों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जिससे दहशत में आकर लोग अपने घरों में छिप गए। सूचना मिलते ही रंपुरा चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार