SAFF U-17 Women's Championship : मेजबान बांग्लादेश की चुनौती के लिए तैयार भारत, कहा- हम पहला मैच जीतकर खुश हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ढाका। सैफ अंडर-17 महिला चैंपियनशिप 2023 में लगातार दूसरी जीत की तलाश में भारत शुक्रवार को ढाका के बीएसएस मुस्तफा कमाल स्टेडियम में मेजबान बांग्लादेश का सामना करेगा। भारतीय लड़कियों ने सोमवार को नेपाल पर 4-1 की ठोस जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, जिसमें शिलजी शाजी ने हैट्रिक जमायी और पूजा ने एक गोल किया। 

भारत की मुख्य कोच प्रिया पीवी ने कहा, "हम पहला मैच जीतकर खुश हैं क्योंकि यह पहली बार है जब हमारे खिलाड़ी इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। हम यहां एक कृत्रिम पिच पर खेल रहे हैं जो उस मैदान से अलग है जिस पर हम अभ्यास करते हैं। लड़कियों ने अच्छा प्रदर्शन किया, इसलिए मैं इससे बहुत खुश हूं।" प्रिया ने कहा कि मिडफ़ील्ड में सुधार की बहुत गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "हम मानते हैं कि अगर हम मिडफ़ील्ड में थोड़ा और ध्यान केंद्रित करते हैं और बेहतर समन्वय करते हैं, तो हम आगे जाकर अच्छा प्रदर्शन कर पायेंगे।" दूसरी ओर, मेज़बान टीम ने टूर्नामेंट में अब तक एक जीत और एक हार दर्ज की है। 

सोमवार को भूटान को 8-1 से मात देने के बाद बांग्लादेश ने बुधवार को रूस के हाथों 0-3 की हार का सामना किया था। प्रिय ने कहा, "बंगलादेश एक बहुत अच्छी टीम है। उन्होंने अपने पहले मैच में आठ गोल किये और रूस के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन अच्छा था।" बंगलादेश का सामना करने के बाद भारतीय लड़कियां भूटान (26 मार्च) और रूस (28 मार्च) से भिड़ेंगी। राउंड-रॉबिन चरण के अंत में अंक तालिका के शीर्ष पर रहने वाली टीम को चैंपियन का ताज पहनाया जायेगा। भारत और बंगलादेश के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम छह बजकर 45 मिनट पर शुरू होगा। 

ये भी पढ़ें :  ISSF World Cup : भारत ने मिश्रित टीम स्पर्धा में जीता रजत और कांस्य पदक

संबंधित समाचार