रुद्रपुर: सुनैना-हिमांशी आत्महत्या प्रकरण में ससुरालियों पर केस दर्ज
रुद्रपुरअमृत विचार। विगत दिनों भदईपुरा दूधिया नगर में हुए मां-बेटी आत्महत्या प्रकरण में अचानक नया मोड़ आया है। सुनैना द्वारा नौ माह की बेटी के साथ फंदा लगाकर खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। बेटी की मां का आरोप था कि शादी के बाद से ही पति व ससुराली दहेज का दबाव बना रहे थे और ससुरालियों की प्रताड़ना के कारण उसकी बेटी को नाबालिग के साथ आत्महत्या करने पर मजबूर किया गया था।
जानकारी के अनुसार सिकरापुर थाना कांट शाहजहांपुर निवासी नंदराम ने बताया कि उसकी बेटी सुनैना का विवाह जनवरी 2020 में मिथलेश उर्फ नन्हें निवासी सरैली थाना तिलहर शाहजहांपुर के साथ की थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सास, ससुर व जेठ और पति मिथलेश ज्यादा दहेज नहीं लाने को लेकर मानसिक यातनाएं देने लगे। कुछ समय बाद दामाद बेटी को लेकर रुद्रपुर स्थित भदईपुरा के दूधिया नगर आकर रहने लगा और दहेज नहीं लाने पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी। प्रताड़ना से तंग उसकी बेटी सुनैना ने नौ माह की बच्ची हिमांशी के साथ फंदा लगाकर 22 मार्च 2023 को आत्महत्या कर ली। रंपुरा चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि ने बताया कि घटना के दौरान प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
