संभल: समस्याओं का समाधान न होने पर सदस्यों ने काटा हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहजोई, अमृत विचार। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में अफसरों के नहीं पहुंचने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सदस्यों ने विगत बैठकों में उठाए गए मुद्दों का हल न करने को लेकर भी नाराजगी जताई। हंगामे के बीच 2023- 24 के लिए के लिए 70 करोड़ 59 लाख 70 हजार आय व 66 करोड़ 55 लाख 45 हजार व्यय के साथ चार करोड़ 40 लाख 30 हजार लाभ का बजट पारित किया। सदस्यों ने अपने वार्ड में विकास कार्य नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की।

जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने गत बैठक की पुष्टि का प्रस्ताव रखा। इसे सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। अधिकारियों को गैर हाजिर देख सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदस्यों का कहना था कि जब बैठक में अधिकारी नहीं होंगे तो समस्याओं का समाधान कैसे होगा।

सदस्य उमेश यादव ने कहा कि वह विगत तीन बैठकों से पोस्टमार्टम हाउस में शव रखने का फ्रीजर डेढ़ वर्ष से खराब है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने सदस्यों को शांत करते हुए सीएमओ से जल्द ही फ्रीजर सही कराने तथा पोस्टमार्टम हाउस पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की बात कही। बजट न होने पर जिला पंचायत से बजट लिए जाने का भी प्रस्ताव सदस्यों ने पारित किया। सदस्य अवधेश प्रताप सिंह ने गोशाला का मुद्दा उठाया। सीडीओ कमलेश सचान ने जल्द ही गोशालाओं का निर्माण होने की बात कही।

अपर मुख्य अधिकारी ने 2023 -24 का अनुमानित बजट 70 करोड़ 59 लाख 70 हजार आय व 66 करोड़ 55 लाख 45 हजार व्यय के साथ चार करोड़ 40 लाख 30 हजार लाभ का बजट पारित किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद जावेद अली खां, ब्लाक प्रमुख बनियाखेड़ा सुगंधा सिंह, सदस्य विजय यादव, अवधेश प्रताप सिंह आदि रहे। अध्यक्षता डॉ. अनामिका यादव और संचालन अपर मुख्य अधिकारी आशीष सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें- संभल : आंधी-बारिश से मकानों पर गिरा पेड़, दो बच्चों समेत पांच घायल

संबंधित समाचार