रुद्रपुर: पंतनगर-जयपुर-अहमदाबाद हवाई सेवा शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री भट्ट ने किया उद्घाटन 

हल्द्वानी के यात्री एस. लता व  बीरपाल सिंह का किया स्वागत

रुद्रपुर, अमृत विचार। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचकर पंतनगर से जयपुर होते हुए अहमदाबाद जाने वाली हवाई सेवा इंडिगो फ्लाइट का फीता व केक काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी निवासी यात्री एस लता व बीरपाल सिंह को हवाई टिकट दिए और पुष्प देकर स्वागत किया। साथ ही हवाई सेवा प्रारंभ होने पर इंडिगो प्रबंधन को बधाई दी।

भट्ट ने कहा कि हम पहले से ही प्रयासरत थे कि देश के कोने-कोने तक फ्लाइट चले। इसी कड़ी में रविवार को जयपुर होते हुए अहमदाबाद के लिए हवाई सेवा को प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि जयपुर व उत्तराखंड में पर्यटक बहुत बड़ी संख्या में आते हैं। पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों व अन्य कारोबारियों को आने-जाने में सुविधा होगी और पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश की चहुमुखी उन्नति भी होगी।

उन्होंने कहा कि पहले देहरादून से फ्लाइट प्रारंभ की तो बड़ी मुश्किल से यात्री मिल पाते थे। वर्तमान समय में दो दर्जन से भी अधिक फ्लाइट चल रही हैं। पंतनगर एयरपोर्ट को उसी तर्ज पर विकसित करने के लिए विस्तारीकरण की कार्यवाही भी चल रही है।

हवाई सेवा प्रारंभ होने से बड़ी संख्या में यहां यात्री आएंगे और बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट की बुकिंग पहले से करा रखी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि एक स्थान से दूसरे स्थान को हवाई सेवा से जोड़ना। उसी कड़ी में जगह-जगह हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा है।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चारधाम यात्रा एवं पर्यटन के क्षेत्र में अनेकों कार्य किए जा रहे हैं। यहां से विभिन्न जगहों के लिए फ्लाइट प्रारंभ होने से टैक्सी चालकों व अन्य बेरोजगारों को रोजगार भी मिलेगा। यह फ्लाइट प्रतिदिन और निरंतर यहां से चलेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली से पंतनगर के लिए पहले एक फ्लाइट थी। अब प्रतिदिन दो फ्लाइट हो गई हैं। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, उप जिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, अमित नारंग, सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा आदि उपस्थित थे।

 

संबंधित समाचार