उमेशपाल हत्याकांड: अशरफ के मददगार लल्ला गद्दी से पूछताछ में खुल सकते है कई अहम राज, जानिए पूरी बात
बरेली, अमृत विचार। अशरफ और सद्दाम का मददगार लल्ला गद्दी से केस संबंधी साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस को कोर्ट से 72 घंटे की सोमवार को रिमांड मिली थी। लल्ला को जिला जेल से रिमांड पर लेने के लिए एसआईटी जेल पहुंची थी। जहां दोपहर एक बजे तक लल्ला गद्दी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जा रही। माना जा रहा है कि लल्ला गद्दी रिमांड के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे कर सकता है।
इसके साथ ही उससे बहेड़ी में भी कई साक्ष्य जुटाए जा सकते हैं। रिमांड पर लेने के बाद एसआईटी लल्ला गद्दी को 72 घंटे अपने साथ रखेगी। एसआईटी बिथरी थाने में दर्ज मुकदमे के संबंध में उससे पूछताछ कर सबूत जुटाएगी। समय पूरा होने के बाद एसआईटी मेडिकल कराकर उसे दोबारा जेल में दाखिल करेगी अशरफ के साले सद्दाम के साथ मिलकर लल्ला गद्दी कई काम कर रहा था।
बताते चलें, 24 फरवरी को उमेशपाल की हत्या हुई थी। जिसके बाद उमेशपाल हत्याकांड के तार बरेली से जुड़े थे। इसके बाद एसआईटी ने एक-एक कर पूरे मामले की परत खोली, तो पूरा केस ही बरेली से जुड़ा हुआ निकला। इस दौरान दो बंदी रक्षक को भी जेल भेजा था। अशरफ के साले और लल्ला गद्दी के साले सद्दाम की नजदीकियां उजागर होने के बाद से ही लल्ला गद्दी अंडर ग्राउंड हो गया था। जिसके बाद उसने नाटकीय तरीके से 20 मार्च की रात सेटेलाइट के पास एसओजी के सामने खुद का सरेंडर किया था।
जिसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था। सरेंडर का वीडियो वायरल होने के बाद एसओजी और एसआईटी की टीम लल्ला गद्दी से ज्यादा पूछताछ नहीं कर पाई थीं। उन्हे अगले ही दिन लल्ला गद्दी को कोर्ट में पेश करना पड़ा था। यही वजह है कि लल्ला गद्दी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। इसके साथ ही लल्ला गद्दी जिला जेल में अशरफ को सारी सहूलियत देने के साथ ही उस से मुलाकात लल्ला गद्दी कराने में भी उसका अहम रोल निकलकर सामने आया है। लल्ला गद्दी बरेली में अशरफ के नेटवर्क का अहम हिस्सा है।
लल्ला गद्दी पूछताछ में अशरफ के नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के नाम भी उगल सकता है। जिनकी बाद में गिरफ्तारी भी हो सकती है। एसआईटी लल्ला गद्दी से खासकर उन लोगों की जानकारी लेगी जो अशरफ को पैसों से मदद कर रहे थे।
इसके साथ ही जेल में अशरफ से कौन-कौन गैरकानूनी तरीके से मुलाकात करता था। इसको लेकर भी पूछताछ की जानी है। जेल में कौन अशरफ के गुर्गों की मदद करता था। इसको लेकर भी एसआईटी ने कई सवालों के जवाब लेने हैं। यहा सब पुलिस को महज 72 घंटे के भीतर ही करना होगा। इस दौरान लल्ला गद्दी के वकील भी उसके साथ रह सकते हैं, लेकिन पूछताछ दौरान वकीलों को एसआईटी टीम से दूरी बरतनी होगी।
बहेड़ी थाने लेकर पहुंची एसटीएफ टीम
एक बजे के समय लल्ला गद्दी को पुलिस ने रिमांड पर ले लिया। उसके बाद टीम सीओ आशीष प्रताप के नेतृत्व में थाना बहेड़ी पहुंची। बताया जा रहा था कि लल्ला गद्दी ने अपने बयान में बताया था कि उसने साक्ष्य को बहेड़ी में छुपा रखा था, लेकिन इस दौरान उसके अधिवक्ता ने इससे इनकार कर दिया कि लल्ला गद्दी ने अपने बयानों में कोई ऐसी बात कही। करीब पौने चार घंटे एसटीएफ टीम लल्ला गद्दी को लेकर थाने में पड़ी रही। लल्ला गद्दी को थाने में खाना खिलाने के बाद टीम अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूर्णागिरि धाम गए आंवला के दो सगे भाई शारदा नदी में डूबे, सेल्फी लेते वक्त हुआ हादसा
