हल्द्वानी: शराब तस्कर ने मांगी उधारी, बंदूक और तलवार निकाल लाए बाप-बेटा... काेतवाली में हुआ समझौता
हल्द्वानी, अमृत विचार। शराब तस्कर ने एक युवक को शराब उधार दी और जब उधारी मांगी तो बात बिगड़ गई। दोनों के विवाद के बीच आए पिता-पुत्र घर से बंदूक और तलवार निकाल लाए। गोविंदपुरा भोटियापड़ाव में बीच सड़क बंदूक और तलवार देखकर हड़कंप मच गया।
कोतवाली में दोनों पक्षों में समझौता हो गया, लेकिन पुलिस अपनी ओर से रिपोर्ट दर्ज कर रही है। बताया जाता है कि भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में रहने वाले एक शराब तस्कर ने कुच समय पहले चोरगलिया में रहने वाले एक युवक को एक पेटी शराब उधार दी थी। सोमवार रात गोविंदपुरा में दोनों का आमना सामना हो गया।
शराब तस्कर ने अपने रुपयों की मांग की, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवक पास में रहने वाले एक दोस्त को बुला लाया, लेकिन शराब तस्कर ने यह कहकर बात बिगाड़ दी कि देनदार और कर्जदार के बीच में तेरा क्या काम। इससे बात और बिगड़ गई। युवक घर गया और बंदूक निकाल लाया।
पीछे से उसका पिता भी तलवार लेकर मौके पर पहुंच गया। यह देख वहां हड़कंप मच गया और कुछ लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इधर, खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई, जहां दोनों ने समझौता कर लिया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, लेकिन अवैध हथियार लहराने और शांतिभंग करने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
