लखनऊ: अनुभाग अधिकारी समेत चार को प्रतिकूल प्रविष्टि
मंडलायुक्त ने दिए कार्रवाई करने के निर्देश
अमृत विचार, लखनऊ। जनसुनवाई के दौरान लापरवाही उजागर होने के मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कड़ा रुख दिखाया। अनुभाग अधिकारी, अवर अभियंता समेत चार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। साथ ही एक निलंबित बाबू को चार्जशीट के निर्देश दिए गए। नागरिक सुविधा दिवस में रजिस्ट्री से सम्बंधित चार प्रकरण कई वर्षों से लंबित पाए।
उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सम्बंधित कर्मचारियों को बुलाकर सम्पत्तियों की काॅस्टिंग कराई और स्वयं फाइलों पर हस्ताक्षर करके रजिस्ट्री कराई। इस दौरान अभियंत्रण खंड-2 में तैनात अवर अभियंता एसके सिंह, जानकीपुरम योजना के अनुभाग अधिकारी वीरेन्द्र यादव, कनिष्ठ लिपिक अमित श्रीवास्तव व व्यवसायिक सेल में तैनात कनिष्ठ लिपिक राजीव गौड़ को लापरवाही पर मंडलायुक्त ने फटकार लगाई और चारों को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी। इसके अलावा निलम्बित चल रहे कनिष्ठ लिपिक राजीव दिग्वे को अतिरिक्त चार्जशीट देने के निर्देश दिये। मोहनलालगंज के ग्राम-भटपुरा के कानूनगो हरिन्दर कुमार के खिलाफ शिकायत मिलने पर मंडलायुक्त ने एसडीएम मोहनलालगंज से फोन पर बात कर कानूनगो के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
सात मृतक आश्रितों को मिली नियुक्ति
एलडीए में मंगलवार को सात मृतक आश्रितों को सेवायोजित किया गया। उपाध्यक्ष डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने नियुक्ति पत्र दिए। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अर्जित अग्रवाल को मानचित्रकार, सतेन्द्र कुमार को अनुचर, प्रथम को अमीन, दीपक सिंह को अनुचर, दिलीप यादव को अनुचर, वामिस को माली और अमन निगम को अनुचर के पद पर नियुक्ति दी गयी है।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज: साबरमती जेल के लिए कड़ी सुरक्षा में रवाना हुआ अतीक अहमद
