हल्द्वानी: परीक्षा देकर निकले छात्र पर पथराव, हालत नाजुक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। परीक्षा देकर लौट रहे इंटर के छात्र पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए युवकों ने छात्र पर पथराव कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
 

सुल्ताननगरी पूर्वी खेड़ा गौलापार निवासी त्रिलोक चंद्र आर्या पुत्र स्व. हीरा राम एक प्राइवेट स्कूल में बस चालक हैं। पुलिस को दी तहरीर में त्रिलोक ने कहा उनका बेटा धीरज (17) काठगोदाम स्थित बाल संसार स्कूल में 12वीं का छात्र है। बीती 28 मार्च को वह नगर पालिका इंटर कालेज काठगोदाम में बोर्ड की परीक्षा देने गया था।

दोपहर करीब 2 बजे धीरज परीक्षा देकर लौट रहा था। तभी काठगोदाम स्थित स्टेट बैंक के पास कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां देने लगे। इतने में कुछ युवकों ने छत से उसके ऊपर पथराव कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

 धीरज को लहूलुहान देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद आनन-फानन में धीरज को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। धीरज के पिता का कहना है कि जिन युवकों से उसका विवाद हुआ था, वो उसे नहीं जानता। सिर में टांके लगे हैं और वो आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

संबंधित समाचार