काशीपुरः यूपी बॉर्डर पर अलर्ट के बाद दिन में बे-रोकटोक एंट्री कर रहे वाहन
काशीपुर, अमृत विचार। पंजाब में संगीन मामलों के आरोपी अमृतपाल सिंह व उसके चार साथियों के लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद पुलिस कितना सतर्क है, इस बात का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि यूपी सीमा पर दिन में कोई चेकिंग देखने को नहीं मिली, जबकि अमृतपाल के उत्तराखंड होते हुए नेपाल भागने की संभावनाओं के चलते पुलिस प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
अमृत विचार की टीम ने बुधवार को यूपी बॉर्डर मुरादाबाद रोड और अलीगंज रोड पर पड़ताल की। इस दौरान दोपहर एक से दो बजे के बीच दोनों मुख्य मार्गों की सीमा पर मौजूद काशीपुर की चौकियां पैगा और सूर्या पर पुलिस की कोई भी मुस्तैदी देखने को नहीं मिली। पैगा चौकी पर जहां एक सिपाही व एक पीआरडी जवान बैठे नजर आए तो वहीं सूर्या चौकी पर कोई जवान नहीं दिखा। इस बीच दोनों मार्गों पर वाहन बेरोकटोक गुजरते नजर आए। इनमें कई वाहन हरियाणा, दिल्ली और यूपी के शामिल थे।
बताया जा रहा है कि अमृतपाल को दिल्ली में देखा गया है। ऐसे में उसके उत्तराखंड पहुंचने की संभावना भी है, क्योकि पंजाब पुलिस उसके उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की आशंका जता चुकी है। उधर, प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा रामनगर में आयोजित जी-20 समिट सम्मेलन में खालिस्तानी झंडे लगाने की धमकी के बाद पुलिस विभाग और भी सतर्क हो गया था। लेकिन काशीपुर के इन दो मार्गों पर बुधवार दोपहर पुलिस की कोई सतर्कता दिखाई नहीं दी।
वहीं, पुलिस का दावा है कि अमृतपाल व उसके साथियों की तलाश में सभी बॉर्डरों पर चेकिंग के अलावा यूपी की सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले चोर रास्तों पर भी पुलिस अपनी पैनी नजर बनाएं हुए है। बावजूद इसके चोर रास्तों को छोड़ पुलिस मुख्य बार्डरों पर भी अपनी नजर बनाती नहीं दिखी।
पुलिस लगातार बॉर्डरों व अन्य रास्तों पर चेकिंग कर रही है। बुधवार को भी धर्मपुर व नादेही मिल पर चेकिंग दिन भर चली है। पैगा व सूर्या चौकी का फोर्स अन्य कार्य में भी लगा हुआ है। काशीपुर में चैती मेला और खोखरा मंदिर में मेला चल चल रहा है। पैगा व सूर्या चौकी का फोर्स वहां भी लगाया गया है, लेकिन यहां भी पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है-वंदना वर्मा, सीओ, काशीपुर।
