शाहजहांपुर : मंत्री जितिन प्रसाद बोले- सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कर रही काम, गड़बड़ी या अनियमितताएं होंगी तो बख्शा नहीं जाएगा 

शाहजहांपुर : मंत्री जितिन प्रसाद बोले- सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कर रही काम, गड़बड़ी या अनियमितताएं होंगी तो बख्शा नहीं जाएगा 

शाहजहांपुर, अमृत विचार। यूपी के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि छह वर्षों में योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश का कायाकल्प किया है। सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है, इसलिए यदि कहीं कोई गड़बड़ी या अनियमितताएं होंगी तो व्यक्ति चाहें कोई हो बख्शा नहीं जाएगी। हर हाल में कार्रवाई होगी। किसी को भी लक्ष्मण रेखा लांघने नहीं दी जाएगी। यदि कोई भ्रम में लक्ष्मण रेखा लांघेगा तो बख्शा नहीं जाएगा।

लोक निर्माण विभाग मंत्री अपने आवास प्रसाद भवन के परिसर में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। उनका कहना है कि इस चुनाव में भी सभी दलों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने यह बात अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही। कहा कि विकास के पथ पर उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विधानसभा की सभी सीटों पर जनता ने जीत दिलाई थी। उसी तरह मेयर और अन्य सीटों पर भी जनता भाजपा की झोली में डालेगी। आने वाले चुनाव में अन्य पार्टियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

 

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पहले के चुनाव आपने देखे हैं। कितना जादू किसके ऊपर चला है। ये सभी जानते हें। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के तीन पहलू होते हैं- पहला आर्थिक, दूसरा राजनीतिक और तीसरा सामाजिक, इन तीन स्तंभ में समान रूप से परिवर्तन आया है। आर्थिक रूप में देखेंगे तो यूपी में बड़ा निवेश हुआ है। यूपी में ऐसा माहौल बन चुका है कि देश विदेश से लोग निवेश करने के लिए आतुर हैं।

जितिन ने कहा कि, शाहजहांपुर में निगर निगम चुनाव में इस बार ऐतिहासिक जीत होगी। संगठन जनता से जुड़ाव और लगाव रखता है। विधानसभा चुनाव में जिले की जनता ने सभी छह सीटे भाजपा की झोली में डाली थीं। उसी तरह सरकार ने शाहजहांपुर में विकास की बौछार कर दी है। इस बार इतिहास रचा जाएगा। यहां की मेयर सीट पर भाजपा की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी। चुनाव छोटा हो या बड़ा, भाजपा सभी चुनाव पूरे दमखम और मेहनत से लड़ती है। पूर्व की भांति सभी सीटों पर कमल खिलेगा। इस मौके पर भाजपा सांसद अरुण कुमार सागर, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : शाहजहांपुर: शाहजहांपुर से जलालाबाद तक फोरलेन निर्माण की कैबिनेट में मंजूरी