बरेली: अब रेल में यात्रा के साथ करा सकेंगे मसाज, 14 स्टेशनों को किया गया चिन्हित
बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशन पर भी होगी सुविधा
बरेली,अमृत विचार। अगर आप स्टेशन पर हैं और आपकी ट्रेन लेट हो चुकी है और इंतजार करते-करते थक गए हैं तो रेल प्रशासन थकान उतारने का पूरा इंतजाम करने जा रहा है। इसके लिए इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों पर मसाज चेयर लगाई जाएंगी। इसके लिए कुल 14 स्टेशनों को चिन्हित भी किया गया है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के लिए यह अनोखी पहल मंडल के इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशन पर भी होगी।
रेल प्रशासन निजी एजेंसी के माध्यम से यह काम करेगा। इसके लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया की जा रही है। खास बात यह है कि इस मसाज चेयर को स्टेशन परिसर में एक छोटे मसाज पार्लर के अंदर रखा जाएगा। ठेका आदि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मसाज के लिए एजेंसी द्वारा यात्रियों से शुल्क वसूला जायेगा। मंडल के अधिकारियों के मुताबिक बरेली सिटी, कासगंज, इज्जतनगर, टनकपुर, काठगोदाम, हल्द्वानी समेत कुल 14 स्टेशनों को मसाज चेयर के लिए चिन्हित किया गया है।
जानकारों का कहना है कि यात्रियों को स्टेशन पर बाजार से कम कीमत पर ही मसाज की सुविधा मुहैया होगी। दरअसल, 12 से 48 घंटे की यात्रा के बाद लोग थक जाते हैं। अगर ट्रेन लेट हो गई तो यात्रा पहाड़ चढ़ने जैसी हो जाती है। थकान के चलते कार्य प्रभावित होते हैं। घर पहुंचकर लोग थकान महसूस करते हैं। ऐसे में स्टेशन से ही यात्री अपनी थकान दूर करके जा सकेंगे।
इज्जतनगर रेल मंडल के 14 स्टेशनों पर मसाज पार्लर बनाकर मसाज चेयर लगाई जायेंगी। बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशन पर भी मसाज चेयर लगाई जानी हैं। यह सुविधा शुरू होने से यात्री स्टेशनों पर अपनी थकान दूर कर सकेंगे - राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल।
ये भी पढ़ें- बरेली: पीएम आवास के लिए पैसे मांगते थे डूडा वाले, लावारिस पाइप बन गया मुफ्त का आशियाना
