मुरादाबाद: थाना के नजदीक फल विक्रेता का शव रख परिजनों ने किया हंगामा
फेफड़ा फटने से हुई युवक की मौत, संप्रेषण गृह भेजे दोनों बाल अपचारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। नागफनी पुलिस की सांस शनिवार को दोपहर तब अचानक अटक गई, जब पोस्टमार्टम हाउस से वापस लौट रहे परिजनों ने समीर का शव थाने के समीप रख दिया। शव रखकर वारदात में शामिल अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी। बताया कि मारपीट की पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। घटना का पूरा साक्ष्य वीडियो के रूप में मौजूद है। पुलिस के हाथ लगे दोनों नामजद आरोपियों के अलावा भी कुछ और लोग मारपीट में शामिल रहे है। हमलावरों को गिरफ्तारी की मांग परिजनों ने प्रभारी निरीक्षक से की।
प्रभारी निरीक्षक ने भरोसा दिया कि कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। प्रभारी निरीक्षक के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर कब्रिस्तान गए। फेरी लगाकर फल बेचने वाले 22 वर्षीय समीर का फेफड़ा मारपीट के दौरान फट गया। जिस कारण उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शनिवार को नागफनी पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी दोनों बाल अपचारियों को किशोर न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों को किशोर संप्रेषण गृह भेज दिया। उधर, मृतक के परिजनों ने वारदात में शामिल अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस घटना की वायरल वीडियो की जांच में जुटी है।
नागफनी थाना क्षेत्र स्थित झारखंडी मंदिर के समीप पीसीओ वाली गली में रहने वाले समीर पुत्र मोहम्मद नदीम पर शुक्रवार को अचानक तब हमला कर दिया गया, जब वह घर से कुछ दूर मेन रोड पर मुन्ना के मकान के सामने फल बेच रहा था। हमले का आरोप फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले दो नाबालिगों पर लगा। जिला अस्पताल में समीर को ले जाते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
चिकित्सकों के मुताबिक मारपीट में समीर का फेफड़ा फट गया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा समीर के कमर पर भी चोट के निशान मिले। पहले नागफनी पुलिस मृतक के परिजनों की तहरीर पर दोनों नामजद नाबालिगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में अभियोग पंजीकृत कर चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। वहां से दोनों को न्यायालय ने सुधार गृह भेज दिया। दोनों हमलावर नाबालिग हैं।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: सीए हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की डीआइजी ने थपथपाई पीठ
