खटीमाः किसानों को मिले 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा- भुवन चंद्र कापड़ी
खटीमा, अमृत विचार। विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी ने हाल ही में हुई बेमौसमी बरसात से किसानों की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह बिष्ट को सौंपा।
विधायक कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि पिछले दिनों हुई बेमौसमी बरसात से किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। जिससे किसानों के सामने सहकारी बैंकों सहित विभिन्न बैंकों से लिए गए कृषि ऋण के चुकाने की समस्या भी खड़ी हो गई है।
उनका कहना है किसान बैंकों से फसली ऋण लेकर अपनी फसल उगाते हैं और फसल काटकर ऋण जमा करते हैं। उन्होंने किसानों की नुकसान हुई फसल का गांव वार सर्वे कराकर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिए जाने की मांग की है। एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने सर्वे कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, मान सिंह, दान सिंह राणा, देवेंद्र कन्याल, कृष्णा नेगी, ललित ज्याला, राज किशोर सक्सेना, पंकज टम्टा, नईम रिजवी, रमेश सौतेला आदि मौजूद रहे।
