काशीपुर: अंतर्राज्यीय दुपहिया वाहन गैंग का पर्दाफाश
तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, चोरी की 12 बाइक बरामद
चोरों पर गैंगस्टर की होगी कार्रवाई, अपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
काशीपुर, अमृत विचार। पुलिस ने अंतर्राज्यीय दुपहिया वाहन गैंग का पर्दाफाश कर तीन बदमाशों को युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 बाइकें बरामद की हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार को एसएसपी कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बीते दिनों क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसके बाद बीती रात मुखबिर की सूचना पर कटोराताल चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने मानव विहार की तरफ कच्चे रास्ते पर बाइक सवारों की संदिग्ध गतिविधियां देखते हुए उनका पीछा किया और कुछ दूर चलकर उन्हें दबोच लिया।
बाइकें झाड़ियों में छिपाई गई थी। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम ग्राम सकतपुरा थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद निवासी विकास कुमार व प्रमोद कुमार उर्फ रितिक और थाना कुंडा के ग्राम नवलपुर चौकी गढ़ीनेगी निवासी गौरव कुमार बताया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को कोर्ट में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि तीनों शातिर अपराधी है। पुलिस उनका अपराधिक इतिहास खंगाल रही है। तीनों पर गैंगस्टर लगाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई नवीन बुधानी, धीरेंद्र परिहार, अंशोक कांडपाल, मनोज जोशी व कंचन पडलिया, सिपाही प्रेम कनवाल, ईश्वर सिंह, रंजीत प्रसाद, गिरीश मठपाल, गौरव सनवाल, सुरेंद्र सिंह, एसपीओ विक्की, साहिल व हरजीत शामिल रहे।
पहचान छिपाने को तोड़ते थे नंबर प्लेट
तीनों यूपी व उत्तराखंड के काशीपुर व आसपास के क्षेत्रों से पहले रेकी करते थे। उसके बाद मौका देखकर बाइक चुरा लेते थे और बाइक की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट तोड़ देते थे। चोरी की बाइकों को बाहर बेचने की फिराक में थे। लेकिन, उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गये। बताया कि बरामद बाइक काशीपुर क्षेत्र के अलावा अमरोहा, गाजियाबाद से चुराई है। कुछ बाइक का पुलिस पता लगा रही है।
कटोराताल चौकी प्रभारी को मिलेगा अवार्ड
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इससे पूर्व भी कटोराताल चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने 15 से 16 बाइक बरामद की थी। एक बार फिर बाइक 12 बाइक बरामद कर चोर गैंग को पकड़ा है। जिसके लिए वह और उनकी टीम बधाई की पात्र है। एसआई नवीन बुधानी को इस माह पुलिस ऑफ द मंथ अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
