Kanpur Fire : चौथे दिन भी सायरन की आवाज से गूंजता रहा बांसमंडी इलाका, दर्द सुनाते कारोबारियों के छलके आंसू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire कानपुर में चार दिन बाद भी आग लगी रही।

Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire कानपुर का बांसमंडी इलाका चौथे दिन भी सायरन की आवाजों से गूंजता रहा। अग्निकांड के रेस्क्यू में 95 प्रतिश्त आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को दर्द सुनाते हुए कारोबारियों के आंसू छलक आए।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Bansmandi Wholesale Market Fire हूं हूं हूं…करती फायर बिग्रेड की गाड़ियों का नजारा चौथे दिन भी बांसमंडी में देखने को मिला। अनवरगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत यूपी के सबसे बड़े रेडीमेड गारमेंट के थोक बाजार में चौथे दिन भी रुक-रुककर आग सुलगती रही। हालांकि, इस अग्निकांड में 95 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन चौथे दिन सुबह से रेस्क्यू के दौरान बंद दुकानों से आग सुलगती रही और आसमान में काले धुएं का गुबार उठता रहा।

इस दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना व दमकल विभाग के जवान लगातार पानी की बौछार डालकर आग पर पूरी तरह से काबू करने की कोशिश करने में जुटे रहे। इस घटना में अब तक कारोबारियों ने तीन हजार करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया है। इधर, सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना कारोबारियों से मिलने के लिए पहुंचे। इस दौरान सतीश महाना को दर्द सनाते हुए कारोबारियों के आंसू छलक आए।  

गुरुवार देर रात डेढ़ बजे के आसपास एआर टावर से शुरू हुई भीषण आग ने मसूद कांप्लेक्स, अरजन टावर, हमराज कांप्लेक्स व नफीस टावर को अपनी चपेट में ले लिया था। आग के लिए खलनायक बनी हवा ने विकराल रूप ले लिया था। जिसके कारण कुछ ही देर में पांचों शांपिंग कांप्लेक्स धू-धू कर जलने लगे थे। गार्ड की सूचना पर पहुंची बांसमंडी चौकी पुलिस ने लाटूश रोड फायर स्टेशन से फायर बिग्रेड को बुलवाया था।

जिसके बाद आग बुझाने के किए गए सारे प्रयास पूरी तरह से विफल रहे। आग का भयानक रूप देखकर दमकल कर्मियों के हाथ पांव फूल गए थे। मौके पर एक के बाद एक करीब 40 दमकलों ने आग को बुझाने की मशक्कत करना शुरू कर दिया था। बेकाबू हुई आग को आगे बढ़ने से रोकने के लिए मौके पर लखनऊ, प्रयागराज, आगरा से हाईड्रोलिक मशीन बुलाई गई। 60 से ज्यादा दमकल आग बुझाने में लगातार जुटी रहीं।

अग्निकांड में पूरी तरह से आग पर काबू न पाने पर मौके पर एनडीआरएफ, एडीआरएफ, सेना, एयरफोर्स ने मोर्चा संभाला। लगातार चौथे दिन भी रह-रहकर तीन बिल्डिंगों एआर टावर, सुपर हमराज कांप्लेक्स व नफीस टावर से आग सुलगती रही। जिससे काला धुआं का गुबार उठता रहा। एनडीआरएफ,  एसडीआरएफ व दमकल कर्मचारी आग बुझाने के लिए दिनभर जतन करते रहे। सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर चौथे व पांचवे फ्लोर में लगी आग को बुझाने के लिए घुस गए। यहां अपने साथ दीवार और शटर को काटने के लिए कटर और धुआं निकालने के लिए एक्जास्ट ले गए।

व्यापारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पांचों शापिंग कांप्लेक्स में तकरीबन 1500 दुकानों के आसपास हैं। लेकिन 900 दुकानें स्थानीय हैं। जिनमें से करीब 700 जलकर राख हो गईं। नुकसान की जानकारी पर बताया कि लगभग तीन हजार करोड़ के आसपास के अनुमान है। बिल्डिंगों में आग पूरी तरह से बुझने के बाद अंदर जाकर वास्तविक स्थिति पता हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur Fire : ढह सकता एआर टावर और मसूद कांप्लेक्स, दोनों इमारतों की दीवारों में दरारें, झुक गई छतें

यह भी पढ़ें- Kanpur Fire: विधानसभा अध्यक्ष Satish Mahana पीड़ित व्यापारियों से मिलने पहुंचे, दुकानों से उठ रहा धुआं

संबंधित समाचार