Auraiya News : CNG ऑटो में आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत, मृतक ने पत्नी की गोली मारकर की थी हत्या
औरैया में सीएनजी ऑटो में आग लगने से जिंदा जलकर मौत।
औरैया के अछल्दा थानाक्षेत्र के अछल्दा-बिधूना मार्ग पर सीएनजी ऑटो में आग लगने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक ने 2009 में अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की थी।
औरैया, अमृत विचार। अछल्दा थाना क्षेत्र के अछल्दा-बिधूना मार्ग पर वीरपुर गांव के पास सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई और आटो धू-धूकर जलने लगा। घटना में चालक गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सूचना पर पहुंचे फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर, घायल को सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रुरुकला गांव निवासी जवाहरलाल दुबे मंगलवार को दोपहर तीन बजे अछल्दा से सीएनजी ऑटो से अपने घर वापस जा रहा था। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर वीरपुर गांव के सामने ऑटो की सीएनजी गैस लीकेज होने के कारण अचानक आग लग गई। ऑटो में घरेलू बर्तन भी थे। हादसे में ऑटो जलकर राख हो गया व चालक जवाहरलाल दुबे गंभीर रूप से झुलस गया।
ऑटो जलते देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, चालक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने ऑटो चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई संजीव दुबे ने बताया सन् 2009 में जवाहरलाल ने अपनी पत्नी पूजा देवी की छिबरामऊ ससुराल में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जिसमें फतेहगढ़ जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा जेल में काट रहा था। युवक तीन माह पहले जमानत पर बाहर आया हुआ था। उसने भरण-पोषण करने के लिए कुछ दिन पहले ऑटो खरीदा था, जिससे वह अपना भरण पोषण करता था। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
