रुद्रपुरः कल जग्गा को न्यायालय के सामने पेश करेगी जिला पुलिस, खालिस्तानी टाइगर फोर्स से संपर्क का है आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। कार चालक की हत्या, पैरोल से फरार एवं आईएसआई से ताल्लुक रखने के आरोपी जग्गा को सितारगंज सेंट्रल जेल लाने के बाद अब पुलिस बुधवार को उसे न्यायालय के सामने हाजिर करेगी और ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उससे पूछताछ करेगी। पूछताछ में अहम जानकारी मिलने पर ऊधमसिंह नगर पुलिस संबंधित संदिग्धों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई करेगी।
बताते चलें कि वर्ष 2018 में कोपा कृपाली गूलरभोज निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा पर एक कार चालक की हत्या कर शव को उन्नाव यूपी में फेंकने, बहन की शादी के बहाने पैरोल से फरार होने व फरार होने के दौरान गिरफ्तारी को आई पुलिस टीम पर हमला करने का आरोप है।
पुलिस ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश भी शुरू कर थी। मगर फरवरी माह 2023 को दिल्ली की स्पेशल सेल ने खालिस्तानी टाइगर फोर्स के सगरना और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से संपर्क रखने का आरोप लगाते हुए उसे नौशाद के साथ गिरफ्तार कर लिया था। तभी से सुर्खियों में आए जग्गा को लेकर पुलिस भी रिमांड पर लाने का प्रयास कर रही थी।
विगत दिनों, न्यायालय से रिमांड मिलने पर ऊधमसिंह नगर पुलिस की एक टीम दिल्ली जाकर सोमवार को कुख्यात जग्गा को सितारगंज सेंट्रल जेल लेकर आ गई थी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस हत्यारोपी जग्गा को बुधवार को न्यायालय के सामने पेश करेगी और कड़ी सुरक्षा के बीच सितारगंज जेल लेकर जाएगी।
इसके अलावा पुलिस की एक टीम न्यायालय द्वारा ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी से पूछताछ करेगी और जानने का प्रयास करेगी कि फरार होने में कौन-कौन मददगार थे। फरारी के दौरान जग्गा किस-किस के घर रुका और कहां-कहां उसने रात बिताई।
इसके अलावा पुलिस यह जानने का भी प्रयास करेगी कि क्या उसका आईएसआई से संपर्क है और खालिस्तानी टाइगर फोर्स से उसका क्या संबंध है। पूछताछ के बाद जिन-जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी तो पुलिस उन सभी लोगों पर अपना शिकंजा कसेगी।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुरः परीक्षा देकर लौटे रहे तीन छात्रों पर धारदार हथियार से हमला, रिपोर्ट दर्ज
