देखें Video -सात घंटे बाद पकड़ में आया तेंदुआ, लोगों पर हमले के बाद मड़हे में था छिपा
दुधवा और कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
बिछिया/ बहराइच, अमृत विचार। कतर्नियाघाट रेंज के चहलवा गांव में बृहस्पतिवार छह बजे एक तेंदुआ पहुंच गया था। तेंदुए के हमले में महिला समेत सात लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दुधवा और कतर्नियाघाट की संयुक्त टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर उसे रेंज कार्यालय लाया गया है। स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे गांवों में गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगली जानवर भी आबादी की ओर रुख करने लगे हैं। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे के आसपास एक तेंदुआ कतर्नियाघाट रेंज के चहलवा में मंगल पुरवा गांव में पहुंच गया। तेंदुआ ने नित्य क्रिया के लिए गई महिला रीता देवी (35) पत्नी हरिकेश पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण हाका लगाते हुए दौड़ पड़े। तेंदुए ने संजय पुत्र राम अवध, लालबहादुर पुत्र काशी, सहदेव पुत्र मुक्ति नारायण व संतोष पुत्र मुक्ति नारायण समेत सात लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सभी ने हाका लगाना शुरू किया जिससे तेंदुआ गांव में घुस गया। तेंदुआ गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र जंगली के फूंस के मड़हे में घुस गया। जहां ग्रामीणों ने उसे घेर लिया।
देखें Video -सात घंटे बाद पकड़ में आया तेंदुआ, पांच लोगों पर हमले के बाद मड़हे में था छिपा pic.twitter.com/xrTu7CzJza
— Amrit Vichar (@AmritVichar) April 6, 2023
सूचना पर पहुचे वन विभाग की टीम की ओर से रेंजर राम कुमार, वन दरोगा मयंक पांडे, वन रक्षक अब्दुल सलाम ने घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सुजौली भेजा जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए सीएचसी मोतीपुर के लिए रेफर कर दिया गया। डीएफओ आकाशदीप वधावन ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग चार टीम लगाई गई। मकान को जाल से घेर दिया गया। हथिनी जयमाला और चंपा कली को भी मदद के लिए लगाया गया है। इसके बाद पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद तेंदुए को जंगल में छोड़ने की कार्यवाई की जायेगी।
ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा
तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लाया गया। वन विभाग की ओर से पशु चिकित्सक डॉ दयाशंकर ( दुधवा नेशनल पार्क ) व डॉ दीपक वर्मा कतर्नियाघाट से गांव पहुंचे।डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने बताया कि तेंदुआ एक मकान में घुस गया। भीड़ कम करने के बाद उसे संयुक्त टीम ने ट्रेंकुलाइज कर लिया है।
ये भी पढ़ें - Bahraich Breaking News : जंगल से निकले तेंदुए ने पांच लोगों पर किया हमला, मकान में हुआ कैद
