बरेली: PWD में चल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे ठेकेदार, देंगे धरना
अवर अभियंताओं की तानाशाही के खिलाफ ठेकेदार मुख्य अभियंता कार्यालय पर देंगे धरना
बरेली, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में चल रहे भ्रष्टाचार को लेकर मंडल के ठेकेदार लामबंद हो गए हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में ठेकेदार अवर अभियंताओं के तानाशाही रवैया को लेकर मुख्य अभियंता के कार्यालय का घेराव कर धरना देंगे। मंडलीय कान्ट्रेक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ठेकेदारों के साथ हुई बैठक में इसका निर्णय लिया है।
मंडल अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल ने बताया कि अब अभियंता वर्ग केवल अपनी जेब भरने के लिए कार्य कराते हैं। ठेकेदार के भुगतान को प्रहरी पोर्टल पर नहीं डाला जाता है। इतना ही नहीं ठेकेदारों के बिलों से नाजायज कटौती की जाती है। आरोप लगाया कि अवर अभियंताओं की ओर से ठेकेदारों के एग्रीमेंट में लगे शिड्यूल सी का जमकर उल्लंघन किया जा रहा है।
काम होने के महीनों बाद भी ठेकेदारों को टरकाया जाता है। जिस कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। अशोक शर्मा ने ठेकेदारों के बिलों से रॉयल्टी की नाजायज रिकवरी करने और रॉयल्टी समय से ऑनलाइन चेक ना करके उसमें छह गुना कटौती कर ठेकेदारों को लाखों का नुकसान करने का आरोप लगाया है।
रामसेवक पटेल ने चेतावनी दी है कि सोमवार तक एसोसिएशन की छह सूत्रीय मांगों पर विचार कर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो मंगलवार से मुख्य अभियंता संजय कुमार तिवारी के कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: पानी के निकास की समस्या गहराई, दो कॉलोनियों की लड़ाई सड़क पर आई
