बरेली: पानी के निकास की समस्या गहराई, दो कॉलोनियों की लड़ाई सड़क पर आई
कुर्मांचल नगर के लोगों ने मुंशीनगर वालों पर नाला बंद करने का लगाया आरोप
बरेली, अमृत विचार। दो कालोनियों के लोगों के बीच पानी के निकास को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पांच साल तक नगर निगम के अफसर और जनप्रतिनिधि जनता को झूठे आश्वासन देते रहे, मगर समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया। कुर्मांचल नगर के लोगों का आरोप है कि मुंशीनगर वालों ने नाला बंद कर दिया, जिससे पानी का निकास ठप हो गया है। उनके घरों में पानी भर रहा है। निगम के अफसर भी समस्या का निदान नहीं कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: आधे दिन की ओपीडी... लाइन में लगे रहे मरीज, समय से पहले ही चले गए डॉक्टर
कुर्मांचल नगर के लोगों ने बताया कि नाला बंद किए जाने से पानी बैक होकर कॉलोनी के घरों में भरने लगा है। इससे लोग परेशान हैं। कुर्मांचल नगर, नार्थ सिटी कालोनी के घरों का पानी मुख्य मार्ग पर बने नाले से मुंशीनगर की तरफ जाता है।
नार्थ सिटी, कालोनी होते हुए आकांक्षा एंक्लेव के पास मुड़कर नाला मुंशीनगर की तरफ जा रहा है। यहां भी नाला आगे जाकर बंद हो गया है। ऐसे में कुर्मांचल नगर का पानी मुंशीनगर में आता है तो यहां घरों में पानी भरने लगता है। इससे बचने के लिए आकांक्षा एंक्लेव के पास नाले को लोगों ने बंद कर दिया है। इससे पानी कुर्मांचल नगर में वापस जा रहा है। दो दिन पहले भी पानी के निकास को लेकर हंगामा हुआ था। शिकायत पर अफसर मौके पर गए थे, मगर समस्या का समाधान नहीं हो सका। शनिवार को भी घरों में पानी भर गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: 12 हजार घरों में तीन दिन रहेगा बिजली का संकट, 36 घंटे रहेगी गुल
