बरेली: कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, शराब के नशे में उगला सच, बोला- मैंने ही डुबोकर मारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/बहेड़ी अमृत विचार। भोजीपुरा के गांव कंचनपुर के 55 वर्षीय मंगलसेन की हत्या की गुत्थी एकाएक खुद ही सुलझ गई। जो बेटा पिता की मौत पर गमगीन दिख रहा था, वही शराब के नशे में बहन के सामने यह सच उगल बैठा कि प्लॉट बेचने के लिए तैयार न होने पर पिता की हत्या उसने ही अपने दोस्तों के साथ की थी। बहन की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दोस्तों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली: 12 को होने वाले पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सफल बनाने की बनाई रणनीति, मुख्य अतिथि होंगे डिप्टी सीएम

मंगलसेन जंगल में छत्ते तोड़कर शहद निकालने का काम करते थे जो कुछ दिन पहले बहेड़ी क्षेत्र में आए थे। बेटे रंजीत की ओर से 31 मार्च को दी गई सूचना पर बहेड़ी पुलिस ने एक अप्रैल को मंगलसेन की गुमशुदगी दर्ज की थी। पांच अप्रैल को पुलिस को चुरैली चौकी क्षेत्र के गांव मनकापुर के पास बहुगुल नदी में मंगलसेन की लाश मिली। पुलिस ने शव को नदी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन मंगलसेन के हत्यारों और हत्या करने का कारण पता नहीं लगा सकी।

शुक्रवार को मंगलसेन की बेटी निशा ने भाई रंजीत के ही खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। निशा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई शराब पीने का आदी है और आए दिन शराब पीकर पिता से मारपीट करता था। हत्या के बाद घर में पहले तो रोकर पिता की मौत पर दुख जता रहा था लेकिन दो दिन बाद ही शराब के नशे में घर आया तो खुद ही कुबूल कर बैठा कि उसी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता की हत्या की है।

पुलिस ने रंजीत को शनिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पुलिस को बताया कि पिता को वह नदी के पास ले गया था जहां धक्का देकर उन्हें नदी में गिरा दिया और फिर दोस्तों की मदद से पानी में ही उनका मुंह दबाए रखा। उनकी मौत होने के बाद शव को नदी की धारा में ले जाकर छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि बाप-बेटे दोनों शराब पीने के आदी थे। दोनों रोज साथ शराब पीते थे। रंजीत उनसे प्लाट बेचने की जिद करता था। मंगलसेन के इसके लिए राजी न होने पर उसने उनकी हत्या कर दी।
वर्जन...
मंगलसेन की हत्या के मामले में उसकी बेटी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है---राजुकमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक देहात।

यह भी पढ़ें- बरेली: पट्टेदारों की सांठगांठ से बेच डाली सरकारी जमीन, आठ पर रिपोर्ट

संबंधित समाचार