झांसी में दर्दनाक हादसा: ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत, दो घायल
झांसी। जिले के चिरगांव थानाक्षेत्र में कानपुर–झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार का टायर फट जाने से कार दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गई। घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए दो लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक अर्टिका कार में छह व्यक्ति सवार होकर झांसी से कानपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करगुवां के पास शनिदेव मंदिर के सामने कार का टायर अचानक फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा की ओर जा पहुंची और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गयी।
घटना में चार लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। सड़क दुर्घटना में किरन मिश्रा, कुशुमलता, नीलम तिवारी और सुरेश चन्द्र तिवारी की मौत हुई है। चारों मृतक कानपुर के रहने वाले थे। घटना में महेश चन्द्र तिवारी और राकेश मिश्रा जख्मी हुए हैं।
एसपी देहात गोपी नाथ सोनी ने बताया कि मौके पर दो लोगों की मृत्यु हो गई थी और चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। दो लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अभी दो लोगों का गंभीर स्थिति में इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें:-वाराणसी: जी-20 देशों के कृषि वैज्ञानिकों की बैठक 17 अप्रैल से
