बरेली: जूडो और ताइक्वांडो सीखेंगी बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियां
पहले चरण में 168 स्कूलों में लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने का फैसला, प्रशिक्षित अनुदेशकों के साथ बाहरी खेल प्रशिक्षकों से ली जाएगी मदद
बरेली, अमृत विचार : बेसिक शिक्षा परिषद के कस्तूरबा और जूनियर हाईस्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों को सशक्त और आत्मरक्षा के लिए जूडो और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में इसके लिए 152 जूनियर हाईस्कूल और 16 कस्तूरबा स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें पढ़ने वाली छात्राओं को प्रशिक्षण देने के लिए अनुदेशकों के साथ बाहरी खेल प्रशिक्षकों की मदद ली जाएगी।
ये भी पढ़ें - बरेली: होमगार्ड ने साथियों संग मिलकर युवक को पीटा, गिरफ्तार
शासन का आदेश आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रशिक्षण के लिए तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार इस प्रशिक्षण के लिए इस सप्ताह के अंत तक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा । शासन से अनुमति मिलने के बाद जुलाई की शुरूआत से छात्राओं का प्रशिक्षण शुरू करा दिया जाएगा। विभागीय योजना के मुताबिक हर स्कूल में सप्ताह के दो दिन छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीएसए विनय कुमार ने बताया कि बालिकाओं की सुरक्षा के साथ उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से शासन स्तर पर यह योजना तैयार की गई है। इसी के अनुरूप स्कूलों का चयन कर लिया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सभी उच्च प्राथमिक स्कूलों में चलाया जाना है, इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है।
ये भी पढ़ें - बरेली: छात्राओं ने जबरन फेल करने का लगाया आरोप, अभिभावकों संग किया प्रदर्शन
