हल्द्वानीः व्यापारी के घर में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख
हल्द्वानी, अमृत विचार। मंगल पड़ाव पुलिस चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक घर में आग लगने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर स्वाहा हो चुका था। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
महावीरगंज में रहने वाले व्यापारी अशोक जायसवाल का यहां दो मंजिला मकान है। घर के ऊपरी तल पर वह परिवार के साथ रहते हैं, जबकि नीचे उनकी दुकान है। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह अचानक उनके घर में आग लग गई।
धुआं निकलता देखा तो परिवार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिवार को घर से बाहर निकाला गया और घटना की सूचना पुलिस व दमकल को दी गई। इस बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
आस-पास के लोगों की मदद से आग बुझाने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग ने पूरे मकान को अपने चपेट में ले लिया था।
गली संकरी होने के चलते फायर कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घरेलू सामान के अलावा फर्नीचर, कपड़े आदि जलकर खाक हो गए। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट का होना माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: 'बिन पानी सब सून...' लेकिन इसकी बर्बादी पर जिम्मेदार अधिकारी मौन...
