रुद्रपुरः गैस सिलेंडरों के धमाकों से दहला अरविंद नगर, पांच लोग झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप के अरविंदनगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई। जब शॉर्ट सर्किट के कारण घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर एक-एक कर धमाके के साथ फटने लगे। जिसकी चपेट में आकर पांच लोग झुलस गए। इसमें दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस एवं प्रशासन की टीम घटना स्थल पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, अरविंद नगर निवासी वीरपाल अपनी पत्नी अनीता देवी और तीन बच्चों के साथ रहता है। पेशे से पेंटर है, जबकि पत्नी सिडकुल की कंपनी में काम करती है। मंगलवार को रोजमर्रा की भांति बच्चे स्कूल गए थे और दंपति काम पर चले गए। वीरपाल की किस्मत अच्छी थी कि हादसे के दौरान पूरा परिवार घर पर नहीं था। वरना कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती थी। 

अचानक करीब साढ़े नौ बजे घर से गंध के साथ धुआं निकलना शुरू हुआ। पड़ोसियों ने देखा तो बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने को निकले। जब मकान के नजदीक पहुंचे तो अचानक एक-एक कर दो गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। जिसकी चपेट में आकर पड़ोसी शांति शर्मा, अरुण कुमार, गौतम विश्वास, अजय कुमार, राहुल कुमार झुलस गए। इनमें शांति शर्मा व अजय कुमार बुरी तरह से झुलस गए। जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा, फायर स्टेशन अधिकारी दया किशन टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर, गलियां सकरी होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। 

वहीं, नायब तहसीलदार ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर क्षति का आकलन किया। साथ ही घायलों से घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि घर के अंदर एक बड़ा और एक छोटा सिलेंडर भरा हुआ रखा था और दो दो खाली सिलेंडर भी रखे हुए थे। गनीमत यह रही कि सभी सिलेंडर भरे हुए नहीं थे। वरना बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।

संबंधित समाचार