Corona Returns : कोरोना पीड़ित महिला की मौत, 6 नए केस मिले
रायबरेली, अमृत विचार। लगातार बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या ने एक बार फिर सभी के मस्तक पर शिकन डाल दी है। बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत से सनसनी फैल गई है। दूसरी तरफ बुधवार को कोरोना पॉजिटिव नए मरीज मिले है। जिससे पूरे जनपद ने हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय चुनाव की चल रही प्रक्रिया के बीच कोरोना ने जबरदस्त दस्तक दी है। जिसको लेकर जिला प्रशासन सतर्क हुआ है। अमेठी जनपद से रायबरेली इलाज कराने आई महिला शांति देवी जांच में कोविड पॉजिटिव पाई गई थी। उन्हे जिला अस्पताल में बने कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। इस बीच बुधवार को महिला की मौत हो गई है।
उधर बुधवार को कोरोना के 6 नए मरीज मिले है। जिसमें जिला अस्पताल के एक चिकित्सक भी शामिल है। जबकि मंगलवार तक जिले में कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या कुल नौ थी। यह संख्या बुधवार को बढ़कर 15 हो गई है। सीएमओ डा वीरेंद्र सिंह ने बताया कि लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है। डीएम द्वारा भी कोविड नियमों का सख्ती से पालन किए जाने का निर्देश जारी किया गया है। लोगों को मास्क और सामान्य दूरी बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - Up Nikay Chunav 2023 : संजय निषाद ने BJP प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी 18 सीटों की लिस्ट
