Kanpur: घर पहुंचा केक, पर नहीं पहुंची बर्थडे गर्ल, मौसा के साथ नए कपड़े लेने गई थी बाजार, यह सुन सिहर उठे परिजन
कानपुर में मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र में कार ने ई-रिक्शे में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शे में सवार मासूम की मौत हो गई। बर्थडे के दिन मासूम की मौत की खबर सुन परिजन बेसुध हो गए।
कानपुर, अमृत विचार। घर पर केक पहुंच चुका था। बर्थडे गर्ल अपने जन्मदिन पर बहुत खुश थी। उसे नए कपड़े भी लेने थे। अपने मौसा के साथ बाजार गई और अपने पसंद की ड्रेस को खरीदा। हंसते-मुस्कुराते और जन्मदिन पर दोस्तों को याद करते हुए लौट रही थी, तभी अचानक ई-रिक्शा पलट गया और हादसे में उसकी मौत हो गई।
नारामऊ होरा कछार निवासी माली का काम करने वाले गुलाब सिंह की 11 वर्षीय पुत्री अंशिका कुशवाहा मॉडल पब्लिक स्कूल में छठवीं में पढ़ती थी। उसके पिता ने बताया कि 10 अप्रैल को उसका जन्मदिन था। इसको लेकर घर में शाम को केक काटने के लिए नाते रिश्तेदारों को बुलाया गया था। परिवार में खुशी का माहौल था। पिता के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास वह मौसा रवि के साथ ई-रिक्शे से कल्याणपुर बाजार कपड़े खरीदने गई थी।
यहां से कपड़े खरीदने के बाद दोपहर तीन बजे घर लौट रही थी। अभी वह आईआईटी गेट से प्रधान गेट क्रासिंग के बीच पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार अल्टो कार ने बाएं ओर मोड़ते समय ई-रिक्शे को टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को सर्वोदय नगर स्थित एक अस्पताल भिजवाया। जहां अंशिका को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में मौत की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो घर में चीखपुकार मच गई। जन्मदिन की दिन अपनी बेटी की मौत से मां रेखा व छह वर्षीय प्रियांश बेसुध हो गए।
