IPL 2023: जियो-सिनेमा पर 2.2 करोड़ दर्शकों ने देखे MS Dhoni के छक्के, बना रिकॉर्ड 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बुधवार रात बल्लेबाजी के लिये उतरे तब जियो-सिनेमा पर दर्शकों की संख्या 2.2 करोड़ को पार कर गई, जो अब तक एक बार में दर्ज की गई दर्शकों की संख्या का रिकॉर्ड है। एम ए चिदंबरम स्टेडियम पर खेले गये रोमांचक मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई को तीन रन से मात दी।

 चेन्नई को तीन ओवर में 54 रन की जरूरत थी लेकिन धोनी के क्रीज पर होने के कारण दर्शक अंतिम गेंद तक सांस थामे मैच के उतार चढ़ाव को देखते रहे। धोनी ने पुराने दिनों की झलक एक बार फिर दिखाते हुए 17 गेंद पर 32 रन बनाये। उन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर मैच को रोमांचक बनाया, हालांकि चेन्नई को जब आखिरी गेंद पर पांच रन की जरूरत थी तब राजस्थान के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने केवल एक रन दिया और चेन्नई तीन रन से हार गई। 

दर्शकों की संख्या के मामले में आईपीएल 2023 के डिजिटल स्ट्रीमिंग साझेदार जियो-सिनेमा ने पिछले सप्ताहांत पर शानदार शुरुआत की थी। पहले सप्ताहांत पर दर्शकों की संख्या ने पिछले पूरे सीजन के दौरान दर्शकों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। जियो-सिनेमा पर वीडियो रिकॉर्ड 147 करोड़ से अधिक बार देखे गये। जियो-सिनेमा पर प्रति मैच बिताया गया समय भी 60 फीसदी बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें :  Doha Diamond League : दोहा डायमंड लीग के साथ सत्र की शुरुआत करेंगे नीरज चोपड़ा 

संबंधित समाचार