Enemy Properties In Kanpur : जून में शुरू हो सकती शत्रु संपत्तियों की नीलामी, जानें- इनका होगा सर्वे
Enemy Properties In Kanpur कानपुर में जून में शत्रु संपत्तियों की नीलामी शुरू हो सकती है।
Enemy Properties In Kanpur कानपुर में जून में शत्रु संपत्तियों की नीलामी शुरू हो सकती है। प्रशासन तैयारी में लगा है। एसबीआई में खाता खुल चुका है। इसमें दस फीसद धनराशि जमा होगी।
कानपुर, अमृत विचार। Enemy Properties In Kanpur जिले में शत्रु संपत्तियों की नीलामी जून तक हो सकती है। जिला प्रशासन ने इसको लेकर जल्द ही रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। इसको लेकर दो दर्जन संभावित शत्रु संपत्तियों का सर्वे किया जाएगा। रिपोर्ट तैयार होते ही उसे लखनऊ कस्टोडियन विभाग को सौंप दिया जाएगा। उसके बाद यही रिपोर्ट दिल्ली जाएगी, जिसके बाद इन संपत्तियों को बेचने को लेकर फैसला लिया जा सकता है।
जिले में 89 संभावित शत्रु संपत्तियां हैं। इसमें 24 संपत्तियों का जिला प्रशासन सर्वे कराने जा रहा है। इसमें एक संपत्ति बिल्हौर की है। यह सपंत्ति अमिलिहा बाग में है, जिसका सर्वे किया जाएगा। वहीं 23 संपत्तियां शहर में हैं। जिला प्रशासन ने इन संपत्तियों का सर्वे करने के लिए छह लेखपालों को जिम्मेदारी सौंपी है। ये लेखपाल मौके पर जाकर संपत्तियों का सर्वे करेंगे और संबंधित जानकारियों को जुटाकर एक रिपोर्ट तैयार करेंगे। तहसीलों से यह रिपोर्ट जिला प्रशासन के पास पहुंचेगी और फिर आगे की कार्रवाई बढ़ाई जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सर्वे को तेजी के साथ करने के निर्देश मिले हैं और इनकी जून तक नीलामी भी की जा सकती है।
इन संपत्तियों का होगा सर्वे
जिला प्रशासन के अनुसार 103/166ए, 103/166बी, 103/166सी व 103/166डी बकरमंडी सीसामऊ, 13/389 व 13/390 परमट, 105/646, 105/647, 105/647ए, 105/648, 105/650, 105/651 मोहल्ला फहीमाबाद, 39/37 मैदा बाजार, 11/131 ग्वालटोली, 95/96 परेड, 105/64ए चमनगंज, 44/84 बकरामंडी नई सड़क, 41/39, 41/125 नई सड़क, 91/146 हीरामन का पुरवा, 116/630 बागीचा रावतपुर, 91/71 दलेलपुरवा, 90/92 दलेलपुरवा, 40/105 नवाब साहब का हाता कोतवाली, 88/332 मोहल्ला सईफाबाद चमनगंज, भन्नानापुरवा, 97/332 87/93 तलाक महल, 44/172, 44/172ए व 44/172बी अहाजा कमाल खान, 100/406 कंघी मोहाल, 93/124 व 93 / 110 अनवरगंज, 7/190 स्वरूप नगर, 7/189 स्वरूप नगर, 88/326 अहाता चमनगंज शामिल हैं।
रिपोर्ट में रहेंगे ये बिंदू
- संपत्तियों में रहने वालों की संख्या व नाम
- रहने वाले लोंगों में किसके पास कितनी जगह
- जो लोग रह रहे, उनके नाम और रजिस्ट्री के दस्तावेज
- कब से रह रहे हैं, इसकी जानकारी भी
- उनसे पहले कोई रह रहा है तो यह भी बताना होगा
- इस संपत्ति से संबंधित और भी कोई जुड़ा है तो रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा।
