अयोध्या: 772 में से सिर्फ 406 पंचायतों में ही कामन सर्विस सेंटर की सुविधा
अयोध्या, अमृत विचार। शासन और प्रशासन के दावों के बाद भी अभी तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों को कामन सर्विस सेंटर के रूप में आच्छादित नहीं किया जा सका है। कहीं संसाधनों की कमी तो कही पंचायत सहायकों के न होने से ग्रामीणों क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को एक ही छत के नीचे हर सुविधा उपलब्ध कराने का दावा धरातल पर नहीं उतरा है।
वर्ष 2020-21 में ग्राम पंचायत सहायकों की भर्ती हुई थी। यह भर्ती इसलिए हुई थी कि ग्राम पंचायतों को कामन सर्विस सेंटर के तौर पर विकसित किया जा सके। सभी पंचायत घरों में पंचायत सहायक बैठना था। यहां ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की फीडिंग तो करते ही, बल्कि लोगों के राशन कार्ड बनाना, बैंकिंग, पेंशन फार्म भरवाना, दिव्यांगों को उपकरण, आज, जाति, निवास, कृषि व खाद संबंधी पंजीयन करना था।
केंद्र और राज्य सरकारी की योजनाओं संबंधित जानकारी भी लोगों को दिया जाना था। लेकिन जिले में अभी इसे पूरा नहीं किया जा सका है। नतीजा लोग जनसेवा केन्द्र के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। जिले में 835 ग्राम पंचायतें हैं। इसमें से 772 पंचायतों को कामन सर्विस सेंटर सीएससी के रूप में विकसित किया जाना था। वर्तमान में अभी केवल 406 पंचायतों को ही आच्छादित किया गया जबकि 366 में काम चल रहा है। दावा किया जा रहा है शीघ्र इसे भी पूरा कर लिया जाएगा।
यहां तो प्रशिक्षण ही नहीं मिला संचालन होगा कैसे साहेब.. ?
अमृत विचार : विकासखंड पूरा बाजार के 54 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक की नियुक्ति कर कंप्यूटर सहित समस्त सामग्री का खरीद भी हुई है। पंचायत सहायकों की आईडी भी बनी है पंचायत सहायकों को आय जाति निवास जैसे महत्वपूर्ण कागजों को बनाने का प्रशिक्षण नहीं दिया गया। जिसके चलते वह सिर्फ पंचायत में शौचालय आदि का काम देख रहे हैं। रामपुर सरधा की पंचायत सहायक नेहा गुप्ता ने बताया कि अभी हम लोगों को आय जाति निवास जैसे कार्यों को बनाने का प्रशिक्षण नहीं मिला है।
पेंशन शौचालय निर्माण और ग्राम पंचायतों के विकास से कार्यों को कर रहे हैं। सराय चैमल की पंचायत सहायक सुष्मिता पांडे कहती हैं कि पंचायत भवन पर अभी कोई आय जाति निवास बनवाने के लिए नहीं आया है। लोग जनसेवा केंद्रों पर ही जाते हैं। पंचायत सहायक मोहत्सिम पुर सुनील वर्मा भी बताते हैं प्रशिक्षण मिले तो काम कैसे हो इसकी जानकारी हो। एडीओ पंचायत पूरा बाजार धनजीत ने बताया कि ब्लॉक के 54 में से दो पंचायत सहायक पुरखेपुर व नारा में काम नहीं कर रहे हैं। जिनका वेतन रोक दिया गया है। बाकी पंचायत सहायक धीरे-धीरे काम करने का तरीका सीख रहे हैं।
772 में से 406 पंचायतों में काम शुरू हो गया है। सभी जगह लोगों को कामन सर्विस सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शेष 366 पंचायतों को शीघ्र आच्छादित कर लिया जायेगा ...दीपक कुमार, जिला समन्वयक, जिला पंचायत राज विभाग।
यह भी पढ़ें:-नोएडा: लुक्सर जेल में बंद आजीवन कारावास के कैदी की संदिग्ध अवस्था में मौत
