मुरादाबाद : फ्रिज का कंप्रेसर फटने से कबाड़ी की मौत, घंटों रही अफरातफरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बगैर पोस्टमार्टम कराए परिजनों ने किया शव सुपुर्द ए खाक, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी की हालत खराब

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को फ्रिज का कंप्रेसर फटने से 39 वर्षीय एक कबाड़ी की मौत हो गई। जोरदार धमाके से घटना स्थल के आसपास घंटों अफरातफरी का माहौल रहा। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कबाड़ी की आकस्मिक मौत से तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।  

मुगलपुरा थाना क्षेत्र में कंबल का ताजिया पानदरीबा मोहल्ले का रहने वाला कामिल पुत्र मोहम्मद जान कबाड़ का व्यापार करता था। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही कामिल ने एक पुराना फ्रिज खरीदा था। परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह 11 बजे कामिल दुकान में बैठकर उसे काटने लगा। तभी अचानक फ्रिज का कंप्रेसर फट गया। जोरदार धमाके के साथ दुकान के परखच्चे उड़ गए। दुकान में रखा कबाड़ दूर तक बिखर गया। हादसे की चपेट में आने से कामिल गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज धमाका सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी कुछ दूर गली में रहने वाले कामिल के परिजनों को दी गई। 

आनन-फानन में परिजन घायल कामिल को साथ लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। तब परिजन शव लेकर घर लौट गए। इस बीच हादसे की जानकारी किसी ने मुगलपुरा पुलिस को दी। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेने की कोशिश की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। गमगीन माहौल में कामिल का शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक महज छह साल पहले ही कामिल की शादी हुई थी। वह तीन बच्चों का पिता था। उसकी मौत से बच्चाे व पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : चिंता! गर्मी में रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समस्या से जूझ रहे यात्री, जिम्मेदार मौन

संबंधित समाचार