हल्द्वानी: 2 मई से निकाली जाएगी मां जगदीशिला की 24वीं डोली रथ यात्रा, यात्रा में तय की जाएगी 10.5 हजार किलोमीटर की दूरी
23 सालों से चली आ रही यात्रा में 248 धामों को किया गया है चिन्हित
हल्द्वानी, अमृत विचार। बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला की 24 वीं डोली रथ यात्रा को लेकर सोमवार को रामपुर रोड स्थित एक निजी बैंक्वट हॉल में बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुमाऊं के सभी जिलों से प्रतिनिधि आए हुए थे। डोली रथ यात्रा के संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा 24 वें वर्ष में राज्य भ्रमण पर 2 मई से निकाली जाएगी।
29 दिवसीय इस यात्रा का समापन 30 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर गुरू वशिष्ठ और रामतीर्थ की तपस्थली विशोन पर्वत पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा से राज्य की तीर्थाटन मुहिम आगे बढ़ेगी। यह 1 हजार धाम स्थापन की यात्रा है। कहा कि पिछले 23 सालों से चली आ रही यात्रा के दौरान 248 धामों को चिन्हित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन दिया है कि इन स्थानों को तीर्थाटन सर्किट में रखा जाए जिसमें 1 हजार धाम की स्थापना, 1 हजार ध्यान केंद्र और 1 हजार संस्कृत विद्यालय खोले जाएं।
इन स्थानों को धाम के रुप में शामिल किया जाए। कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य तीर्थाटन को आगे बढ़ाना है। यात्रा कुमाऊं मंडल से गढ़वाल मंडल को जाएगी। कुमाऊं में 3 से 6 मई तक यात्रा चलेगी। यात्रा ऊधमसिंहनगर से नैनीताल, अल्मोड़ा पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर से गढ़वाल मंडल को जाएगी।
यात्रा में 10.5 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। कुमाऊं मंडल के संयोजक पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल ने कहा कि मंत्री प्रसाद नैथानी इस यात्रा का आयोजन पिछले 23 सालों से कर रहे हैं जिससे प्रदेश में तीर्थाटन को बढ़ावा मिल रहा है और पलायन कम करने की दिशा में भी एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा यात्रा का भव्य रूप से स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर सहसंयोजक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, केदार पलड़िया, जसवंत सिंह पूनिया, भागीरथी बिष्ट, संजय किरौला, विमला सांगुड़ी, चिराग फर्त्याल सहित कई प्रतिनिधि मौजूद थे।
