Kanpur Dehat : तीन मई को होनी थी बेटी की शादी, तैयारियों में जुटा था परिवार, फिर हुआ कुछ ऐसा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी।

कानपुर देहात के सिकंदरा थानाक्षेत्र में आर्थिक तंगी से परेशान होकर किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। आगामी तीन मई को बेटी की शादी के लिए इंतजाम न होने पर कदम उठाया। शादी की तैयारियों की खुशी मातम में बदली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। सिकंदरा थानाक्षेत्र में आर्थिक तंगी के चलते किसान ने आने वाली तीन मई को पुत्री के विवाह की चिंता को लेकर घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

सिकंदरा थाना क्षेत्र के रोहिणी गांव निवासी किसान रामबाबू दिवाकर ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र विपिन किशोर (45) खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उन्होंने अपनी पुत्री आकांक्षा का विवाह इटावा जनपद के थाना बकेवर के लुधियानवी भरैपुरा निवासी राजकुमार के साथ तय किया था। आगामी 3 मई को बारात आनी थी। जिसकी व्यवस्था को लेकर विपिन किशोर परेशान रहता था।

आर्थिक तंगी के चलते रुपयों का इंतजाम न होने पर उसने सोमवार को घर के कमरे में लोहे के कुंडे में रस्सी के सहारे फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। उस समय परिजन घर के काम में व्यस्त थे। जब पत्नी गीता देवी कमरे में गई तो पति का शव फंदे पर लटकते देखकर शोर मचाया। जिससे शादी को लेकर घर में खुशियों का माहौल गम में तब्दील हो गया और परिजन रोते-बिलखते रहे।

थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि परिजनों ने आर्थिक तंगी के चलते किसान के फांसी लगाने की जानकारी दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार