रुद्रपुर: बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने गए गैंगस्टर को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सोमवार की देर रात गश्त करने के दौरान आवास विकास पुलिस ने एक गैंगस्टर को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में युवक ने संगीन वारदातों को अंजाम देने की बात  स्वीकारी है। पुलिस उसके जुर्मों की दास्तां की तस्दीक करने में जुट गई है।

आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोहरा सोमवार की रात पुलिस टीम के साथ अटारिया मार्ग पर गश्त पर थीं तभी जगतपुरा बड़े पुल किनारे बनी रेलिंग के अंधेरे में एक युवक खड़ा दिखा। आवाज देने पर युवक भागने लगा। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अवतार सिंह उर्फ टाटरी निवासी रोहिणी सेक्टर 16 दिल्ली व हाल निवासी जगतपुरा बताया और पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू भी बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था। आरोपी अवतार सिंह ने बताया कि दिल्ली में उसने एक हत्या की थी। जिसके बाद वह साढ़े पांच साल बाद जेल से छूटकर आया है। यहां तक की थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में एक लूट की वारदात के साथ जगतपुरा के ही जिम संचालक पर भी कातिलाना हमला कर उसे घायल किया था। जिसके बाद वह वर्ष 2013 से 2017 में कई बार हल्द्वानी जेल भी गया है।

आरोपी के इकबालिया जुर्मों को सुनकर आवास विकास पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने उसकी कुंडली खंगाली तो पता चला कि थाना ट्रांजिट कैंप में वर्ष 2017 में आरोपी लूट की वारदात में पकड़ा गया और उस पर तीन मुकदमे होने के कारण गैंगस्टर की कार्रवाई भी हुई थी।

जिम संचालक की हत्या के प्रयास और दिल्ली मर्डर केस प्रकरण की तस्दीक शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी नीमा बोहरा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध फिलहाल आर्म्स एक्ट एवं लूट की योजना का मुकदमा पंजीकृत किया है और दिल्ली मर्डर केस एवं जिम संचालक पर हमले की तस्दीक की जा रही है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

संबंधित समाचार