IPL 2023: ग्रीन, गेंदबाजों के दम पर मुंबई ने सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रन से दी मौत, जीत की लगाई हैट्रिक
हैदराबाद। ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला कैमरन ग्रीन (64 नाबाद) के आतिशी अर्द्धशतक और गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रन से मात दी। मुंबई ने सनराइजर्स के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में मेज़बान टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गयी। ग्रीन ने आईपीएल में अपना पहला अर्द्धशतक जमाते हुए 40 गेंद पर छह चौकों और दो छक्कों की सहायता से नाबाद 64 रन बनाये।
उन्होंने मध्य ओवरों में तिलक वर्मा (17 गेंद, 37 रन) के साथ विस्फोटक अर्द्धशतकीय साझेदारी की, जिसने मुंबई को 192 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। सनराइजर्स 193 रन के स्कोर की ओर तेज़ी से बढ़ रही थी लेकिन पीयूष चावला और राइली मेरेडिथ ने मध्य ओवरों में चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाये। सनराइजर्स को आखिरी ओवर में 20 रन की जरूरत थी। अर्जुन तेंदुलकर ने इस ओवर में मात्र पांच रन दिये और अपना पहला आईपीएल विकेट चटकाकर मुंबई को जीत दिलाई।
मुंबई ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक शुरुआत की, जिसका श्रेय कप्तान रोहित शर्मा को जाता है। रोहित ने 18 गेंद पर छह चौके लगाकर 28 रन बनाये, हालांकि वह एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और पांचवें ओवर में टी नटराजन का शिकार हो गये। रोहित के आउट होने के बाद मुंबई की रनों की रफ्तार धीमी पड़ गयी। ग्रीन ने स्पिनरों के आगे कुछ देर संघर्ष करने के बाद वाशिंगटन सुंदर को छक्का जड़कर अपने हाथ खोले।
ईशान किशन ने भी 10वें ओवर में मयंक मारकांडे को दो चौके जड़े, हालांकि वह 31 गेंद पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गये। किशन का विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव भी सात रन बनाकर आउट हो गये, हालांकि इसके बाद मुंबई की ओर से आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली। अंतिम ओवरों की ओर बढ़ते हुए तिलक वर्मा और ग्रीन ने 26 गेंद पर 56 रन की साझेदारी की। तिलक ने 17 गेंद पर दो चौकों और चार छक्कों के साथ 37 रन के ताबड़तोड़ योगदान के साथ मुंबई की पारी का रुख बदल दिया।
तिलक का विकेट गिरने पर ग्रीन 30 गेंद पर 39 रन बनाकर खेल रहे थे लेकिन आखिरी तीन ओवरों में उन्होंने सनराइजर्स के गेंदबाजों को निशाना बनाया। ग्रीन ने 33 गेंद पर अपना पहला आईपीएल अर्द्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे जबकि मुंबई ने अंतिम पांच ओवर में 62 रन जोड़ते हुए 192/5 का स्कोर खड़ा किया। अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में सिर्फ 31 रन देकर एक विकेट हासिल किया। नटराजन ने रोहित का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, हालांकि उन्होंने अपने चार ओवर में 50 रन भी दिये। मार्को जैनसेन ने चार ओवर में 43 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं।
ये भी पढे़ं- IPL 2023 : चुनाव के चलते LSG-CSK मैच में हुआ बदलाब, 4 मई नहीं अब इस दिन होगा मुकाबला
