देहरादून: उत्तराखंड में लोगों को गर्मी से मिल सकती है राहत, ओलावृष्टि के बन रहे हालात
देहरादून, अमृत विचार। इन दिनों बढ़ती गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है। मगर इस बीच मौसम विज्ञानियों की मानें तो लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तरकाशी में आज सुबह से ही हल्की बारिश हो रही है। साथ ही गंगोत्री व हर्षिल घाटी में बर्फबारी हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में आज से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम बदल सकता है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ व बूंदाबांदी के आसार हैं। जिसे देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।
वहीं नैनीताल जिले में दोपहर तक गर्मी ने लोगों को खुब पसीना बहाया, गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ है। अस्पताल में भी अधिकतर मरीज सर्दी,खांसी और जुकाम के पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो इन दिनों हीट स्ट्रेस के भी काफी मरीज आ रहे हैं।
