Kashipur News: GST टीम ने दो फर्मों पर मारा छापा, पांच करोड़ से अधिक की GST चोरी पकड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। राज्य कर विभाग की केंद्रीय सूचना इकाई (सीआईयू) की टीम ने बैटरी स्क्रैप रिसाइकिल का व्यवसाय कर रही दो फर्मों में छापा मार कर करीब 5 करोड़ से अधिक की जीएसटी चोरी पकड़ी।

जीएसटी विभाग के अपर आयुक्त कुमाऊं जोन बीएस नगन्याल के निर्देश पर उपायुक्त धर्मेंद्र राज चौहान व विनय कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा महुआखेड़ा गंज औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बैटरी स्क्रैप रिसाइकिल का व्यवसाय कर रही दो फर्मों के साथ ही इन फर्मों को मालवाहन की सेवा दे रही दो ट्रांसपोर्ट कंपनी पर भी छापा मारा गया। 

केंद्रीय सूचना इकाई देहरादून द्वारा विगत कुछ दिनों से इन दोनों फर्मों के लेनदेन पर निगाह रखी जा रही थी। फर्मों द्वारा राज्य से बाहर स्थित अस्तित्वहीन फर्मों के बिलों की आड़ में बोगस आईटीसी की लाभ लेकर अपनी जीएसटी देयता को समायोजित किया जा रहा था और खाली गाड़ियों या अन्य माल ढो रहे वाहनों पर ई-वे बिल बनाकर उन्हें टोल प्लाजा के पास दिखाकर माल की खरीद को सही दिखाने का प्रयास भी किया जा रहा था। 

इन दोनों फर्मों द्वारा ऐसा बीते 3 सालों से किया जा रहा था। टीम को जांच में प्रथम दृष्टया इन दोनों फर्मों द्वारा पांच करोड़ से ऊपर की जीएसटी चोरी करना पाई गई। टीम सभी अभिलेखों की जांच करने में जुटी है। जांच के दौरान ही लगभग एक करोड़ की जीएसटी जमा भी करा दी गई। 

टीम को राज्य में इस प्रकार के व्यापार में कई फर्मो के संलिप्त होने का शक है। जिन पर विभाग की नजर हैं। टीम में सहायक आयुक्त मनोमहन असवाल, टीकाराम चन्याल, सुरेंद्र सिंह राणा, हरिओम वर्मा, अशोक कुमार, राज्य कर अधिकारी असद अहमद, ईशा, मंजीत राणा, मनोज कुमार, सुभाष वत्सल, राज्य कर निरीक्षक गजेंद्र सिंह भंडारी आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Nainital News: अतिक्रमण पर सख्त हाईकोर्ट, ग्रामसभा की भूमि से कब्जा हटाने के दिये निर्देश

संबंधित समाचार