Haldwani News: टाउन प्लानर दफ्तर पर गरजे ड्राफ्टमैन व डिप्लोमा इंजीनियर्स
हल्द्वानी, अमृत विचार। क्षेत्राधिकार बढ़ाने समेत दो सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राफ्टमैन, डिप्लोमा एवं स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स ने टाउन प्लानर का घेराव किया। उन्होंने मांगों को पूरा करने के लिए ज्ञापन भी सौंपा।
बुधवार को जिले भर के ड्राफ्टमैन, डिप्लोमा एवं स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स जजफार्म स्थित टाउन प्लानर के दफ्तर पर एकत्र हुए। यहां उन्होंने शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने टाउन प्लानर का घेराव करते हुए कहा कि भवन उपविधि संशोधन-2023 में ड्राफ्टमैन, डिप्लोमा इंजीनियर्स के अधिकार घटाने की साजिश की जा रही है।
उन्हें 5 वर्ष के अनुभव के आधार पर 500 वर्ग मीटर के आवासीय, व्यावसायिक के साथ अन्य सभी इमारतों के मानचित्र बनाने का अधिकार देना चाहिए। आरोप लगाया कि जेई के बराबर ही शैक्षिक योग्यता है। एक जेई आवासीय, व्यावसायिक, अन्य सभी भवनों के मानचित्रों की जांच कर संस्तुति कर सकता है लेकिन ड्राफ्टमैन डिप्लोमा होल्डर्स सिर्फ 250 वर्ग मीटर काही आवासीय भवन मानचित्र तैयार कर सकता है।
इसको भी घटाकर 100 वर्ग मीटर करने की तैयारी है। उन्होंने एनबीसी के मुताबिक और आर्किटेक्ट की भांति अधिकार देने की मांग की। गुस्साए ड्राफ्टमैन ने आरोप लगाया कि शासन लगातार भवन उपविधि में संशोधन कर रहा है।
इसमें काफी विषमताएं हैं। उन्होंने कहा कि बीती 7 जनवरी 2022 के पैरा 5.1 के संशोधित नियम के तहत 7.50 मीटर से कम रोड पर भवन की अधिकतम ऊंचाई 6 मीटर होगी जबकि मार्गाधिकार 9 मीटर का लगाया जा रहा है। ऐसे में भवन की ऊंचाई भी 9 मीटर होनी चाहिए।
इसको संशोधन की जरूरत है वरना वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शन में जिले भर से 100 से अधिक ड्राफ्टमैन आदि ने हिस्सा लिया। अंत में उन्होंने दोनों मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान मनोज कांडपाल, भास्कर कांडपाल, महेंद्र रावत, एनडी भट्ट, नरेंद्र वर्मा, पूरन सिजवाली, नीतिश, गौरव बिनवाल, विनय पाठक आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- Nainital News: हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद पंत पार्क में उड़ रहीं नियमों की धज्जियां
