शाहजहांपुर: कानपुर के दो युवकों के रेलवे ट्रैक पर मिले शव, फैली सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फोटो- घटना स्थल पर मौजूद जीआरपी।

रोजा, अमृत विचार। डीजल डिपो के पीछे बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक साथ दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। रेलवे से मेमो मिलने के बाद मौके पर जीआरपी पहुंची।मृतकों के जेब की जामा तलाशी में मिले आधार कार्ड, मोबाइल व अन्य कागजातों के आधार पर शिनाख्त हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों मृतक कानपुर के निवासी हैं।अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों की किसी ट्रेन से गिरकर मौत हुई है।

बुधवार सुबह करीब सात बजे रोजा जीआरपी को सूचना मिली कि रोजा डीजल डिपो के पीछे अप और डाउन रेलवे ट्रैक के बीच में दो युवकों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रोजा जीआरपी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों की जामा तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मृतकों की जेब से एटीएम, डीएल व अन्य कागजात बरामद हुए। पुलिस ने बरामद कागजों के आधार पर उनकी शिनाख्त की। पुलिस ने बताया कि मृतकों में एक का नाम अमित कुमार शुक्ला (32) व दूसरे का नाम मनीष सिंह रावत (42) है और दोनों ही कानपुर के थाना नवाबगंज के मोहल्ला विष्णुपुरी लेबर कालोनी के निवासी हैं।

अमित के जेब से उसका व उसकी पत्नी वर्षा शुक्ला का भी आधार कार्ड मिला है। अमित के पास उसका अपना पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला। वहीं मनीष सिंह रावत की जेब से उसके बहनोई प्रदीप रावत का चरित्र प्रमाण पत्र और 50 रुपये का बैंक चालान भी मिला।

चरित्र प्रमाण पत्र पर लिखे मोबाइल पर व्हाट्सएप पर मृतक का फोटो भेजा, तब उसकी शिनाख्त मनीष के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि वह दोनों कहां जा रहे थे, यह परिवार के आने पर ही जानकारी हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि दोनों की किसी ट्रेन से गिरकर मौत हो गई है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: रोडवेज बस से कुचलकर बाइक सवार महिला की मौत

संबंधित समाचार