हल्द्वानी: बोलेरो ने रेलवे फाटक को मारी टक्कर, चोरगलिया रोड पर लगा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बेकाबू बोलेरो ने चोरगलिया रोड स्थित रेलवे फाटक पर टक्कर मार दी। इस वजह से फाटक टेढ़ा होकर अटक गया। बाद में तकनीकी टीम ने फाटक की मरम्मत के बाद चालू किया। फिलहाल आधे घंटे तक फाटक बंद होने से चोरगलिया रोड पर वाहनों को जाम से जूझना पड़ा। 

रेलवे पुलिस बल के अनुसार, काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस के गुजरने की वजह से शुक्रवार की सुबह करीब 11:45 बजे चोरगलिया रोड का रेलवे फाटक बंद था। इस बीच चोरगलिया की तरफ से आ रही एक बोलेरो ने रेलवे फाटक पर टक्कर मार दी। इससे फाटक टेढ़ा होकर बॉक्स में ही अटक गया।

इस बीच ट्रेन गुजर गई लेकिन टेढ़ा होने की वजह से फाटक नहीं खुला। तब गेटमैन नंदन सिंह ने कंट्रोल रूम में सूचना दी। शिकायत पर तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और गेट की मरम्मत कर चालू किया। इस वजह से करीब आधे घंटे तक गेट बंद रहा और फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

वहीं, रेलवे फाटक को टक्कर मारने की सूचना पर आरपीएफ काठगोदाम पोस्ट इंचार्ज चंद्रपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बोलेरो  चालक को वाहन समेत हिरासत में लिया और रेलवे स्टेशन ले गए। फिलहाल चालक राजेश नैनवाल  निवासी ओखलकांडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। 

संबंधित समाचार