बरेली: तो अब सुप्रिया भी..! सपा में तैयार हो रहा है तीसरा उम्मीदवार
नगर निगम में नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन करके बढ़ाई सपाइयों की धड़कन, नए सवाल उठने शुरू
बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी में हालात कुछ अजीबोगरीब से लग रहे हैं। हाईकमान की ओर से संजीव सक्सेना मेयर का प्रत्याशी घोषित करने के बाद पूर्व मेयर डॉ. आईएस तोमर ने पहले ही नामांकन पत्र खरीदकर पार्टी में कई सवाल खड़े कर चुके हैं, अब पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने भी नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर खलबली पैदा कर दी है। सुप्रिया फिलहाल कोरोना की चपेट में हैं।
सुप्रिया ऐरन ने नो ड्यूज के लिए शुक्रवार को ही आवेदन किया है, इस पर सभी विभागों से नो ड्यूज जारी करने की संस्तुति भी हो गई है। पिछले दिनों निकाय चुनाव प्रभारी बृजेश यादव की मौजूदगी में हुई चुनाव संचालन समिति की बैठक में सुप्रिया ऐरन ने मेयर का चुनाव न लड़ने की बात कही थी, जबकि स्थानीय स्तर से भेजे गए पैनल में उनका भी नाम शामिल किया गया था। बाद में पार्टी ने अप्रत्याशित तौर पर तीनों नामों को दरकिनार कर संजीव सक्सेना को पार्टी प्रत्याशी घोषित कर दिया।
तीन दिन पहले सुप्रिया कोरोना की चपेट में आ गई थी। शुक्रवार को उनकी ओर से नगर निगम में कर अधीक्षक के समक्ष नो ड्यूज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर दिया। उनके टाइप किए हुए आवेदन पर यह बात हाथ से लिखी गई है कि बरेली में उनके नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है। इस आवेदन पर कर अधीक्षक ने सुप्रिया पर कोई बकाया न होने की टिप्पणी लिखते हुए नो ड्यूज जारी करने की संस्तुति की है। राजस्व अधीक्षक ने भी अपनी रिपोर्ट में कोई बकाया न होने की बात कही है।
संजीव सक्सेना के प्रत्याशी घोषित होने के बाद सुप्रिया ऐरन के नो ड्यूज के लिए आवेदन करने से पार्टी में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। तय माना जा रहा है कि सुप्रिया ऐरन भी चुनाव लड़ने का मन बना रही हैं। पार्टी के नेताओं का कहना है कि हाईकमान को प्रत्याशी के संबंध में जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, क्योंकि पहले डॉ. तोमर के नामांकन पत्र खरीदने और अब सुप्रिया के नो ड्यूज के लिए आवेदन करने से कार्यकर्ता भ्रम में है। इस घोषित प्रत्याशी को नुकसान भी पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें- बरेली: महिला के साथ रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म, बनाई वीडियो...अब कर रहा ब्लैकमेल
