अयोध्या : ट्रक ने बस में मारी टक्कर, चार की मौत कई घायल
अयोध्या-गोरखपुर हाईवे के बूथ नंबर चार पर हुआ हादसा, रेस्क्यू कर निकाले गए लोग
अयोध्या,अमृत विचार । अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के बूथ नम्बर चार के पास हाईवे पर शुक्रवार देर शाम ट्रक और वॉल्वो बस की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और कई के घायल होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। घटनास्थल पर तीन घंटे तक रेस्क्यू जारी रहा। डीआईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार और एसएसपी मुनिराज जी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
घायलों को मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल और श्री राम चिकित्सालय भेजा गया। सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया कि 10 घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया था, जिसमे 3 की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचे तीन घायलों में से एक कि मौत हुई है।
पुलिस के अनुसार सहादतगंज से नयाघाट जा रही बस में 47 यात्री सवार थे। बस नयाघाट पहुंची भी नही थी कि चालक ने रघुकुल रेस्टोरेंट के पास बने कट से बस को फिर से वापस सहादतगंज की तरफ ले जाने के लिए मोड़ने लगा। इस दौरान तेज गति बस्ती से लखनऊ की तरफ जा रहे ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के बाद बस में आकर पीछे से दो वाहन और भिड़ गए। देखते ही देखते मौके पर चीख पुकार मच गई। रोते बिलखते लोगों की आवाज सुन लोग दौड़े। इसके बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई। बताया जा रहा है कि एक-एक कर बस से घायलों को बाहर निकाल अस्पताल भेजा गया है। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि एक की मौके पर मौत हो गई थी।
8 जेसीबी लगाई तो हटे क्षतिग्रस्त वाहन
अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर बूथ नम्बर चार पर बस के कट से मोड़ते समय ट्रक की टक्कर के बाद पीछे से एक पीओपी लदे ट्रेलर और एक अन्य बस ने भी टक्कर मार दी। इस दौरान हाइवे पर फैले क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए मौके पर आठ जेसीबी को बुलाया गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद रास्ते से वाहनों को हटाया जा सका।
कुल- 16 घायल
तीन जिला अस्पताल में भर्ती
13 मेडिकल कॉलेज में भर्ती
चार लोगों की मौत
तीन मेडिकल कॉलेज में ब्राड डेड
एक जिला अस्पताल में ब्राड डेड
दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर दिया गया था। अभी तक पांच घायलों को जिला अस्पताल और सात को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। रेस्क्यू आपरेशन पूरा हो गया है, यातायात बहाल कर दिया गया है। मौतों के बारे में अभी कोई अपडेट नहीं है।
नीतिश कुमार, जिला अधिकारी, अयोध्या
शाम आठ बजे दुर्घटना की सूचना मिली। बस्ती से एक बस लखनऊ की ओर जा रही थी तभी सामने से ट्रक के मुड़ने से हादसा हुआ। बस पलट गई थी। पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू शुरू किया, अभी हादसे में कितने लोग मरे इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। राहत और बचाव युद्धस्तर पर जारी है।
मुनिराज जी, एसएसपी / डीआईजी, अयोध्या
यह भी पढ़ें : प्रयागराज : एक समूह को गिरोह के रूप में घोषित करने के लिए किसी रूप में हिंसा अनिवार्य नहीं
