Rudrapur News: पिथौरागढ़ के बाद चमोली जनपद में भी होगी जैविक गन्ने की खेती, विभाग ने मांगी किसानों से बीज की डिमांड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीरेन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर, अमृत विचार। पिथौरागढ़ जनपद के बाद जल्द ही चमोली जनपद में भी जैविक गन्ने की खेती शुरू हो जाएगी। गन्ना विभाग ने चमोली के 108 किसानों को प्रशिक्षण देने के बाद अगले सप्ताह तक गन्ने के बीज की डिमांड देने को कहा है, ताकि अप्रैल और मई में गन्ने के बीज की बुवाई हो सके।

दरअसल, पूर्व में गन्ना विभाग ने पिथौरागढ़ जनपद के कई गांवों में जैविक गन्ने की खेती शुरू करायी। जहां काफी गन्ने का उत्पादन हो रहा है। यहां के करीब 200 किसान करीब 2000 कुंतल जैविक गन्ने के बीज का उत्पादन कर रहे हैं। अब चमोली में 108 किसान भी जैविक गन्ने की खेती करेंगे। इन किसानों को विगत दिनों काशीपुर में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

अब गन्ना विकास विभाग ने अगले सप्ताह तक बीज की डिमांड भेजने का मैसेज सभी किसानों को भेज दिया है। डिमांड आने के बाद विभाग किसानों को गन्ने की 118, 201 वैरायटी और जीबी पंत शोध संस्थान की एक अर्ली वैरायटी और दो सामान्य वैरायटी के बीज उपलब्ध कराएगा। विभाग के अधिकारियों के अनुसार चमोली का मौसम अच्छा होने के कारण वहां की जैविक गन्ने की पैदावार भी अधिक होगी।

चारधाम यात्रियों को किसान पिलाएंगे जैविक गन्ने का जूस

गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार गन्ना उत्पादन होने के बाद चमोली के किसान चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को जैविक गन्ने का जूस पिलाएंगे। किसान ऑटोमेटिक मशीन से गन्ने का जूस निकालेंगे। इसमें हाथ का प्रयोग नहीं होगा। इस कारण जूस काफी शुद्ध होगा।

स्वयं सेवी सहायता समूह की महिलाएं करेंगी जैविक गुड़ की बिक्री

गन्ना विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार जैविक गुड़ की डिमांड काफी होती है। इस कारण चमोली के किसान जूस के साथ ही जैविक गुड़ भी तैयार करेंगे। इस गुड़ को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से बेचा जाएगा और बाजार उपलब्ध कराएगा जाएगा। इसके अलावा गन्ने की खली को बेचकर किसान अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं।

पिथौरागढ़ जनपद में जैविक गन्ने के उत्पादन के बाद चमोली जनपद में भी जैविक गन्ने की खेती की जाएगी। अगले सप्ताह तक यहां के 108 किसानों से गन्ने के बीज की डिमांड मांगी गयी है। डिमांड आने के बाद किसानों को बीज की सप्लाई की जाएगी। अप्रैल और मई माह में किसान गन्ना लगाएंगे- हंसा दत्त पांडे, गन्ना आयुक्त, गन्ना विकास विभाग। 

यह भी पढ़ें- Jaspur News: गेंहू के अवशेष में लगी आग, यूकेलिप्टस के पेड़ भी जले, भारी नुकसान की आशंका

संबंधित समाचार